नई दिल्ली: शादी की खुशियों में गोलियों की गूंज सुनने का था इरादा लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने मंसूबों पर फेर दिया पानी! द्वारका जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अत्याधुनिक विदेशी पिस्टल और एक रिवॉल्वर बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 22 वर्षीय सुशांत सिंधु उर्फ सोनू और 21 वर्षीय शुभम शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, सुशांत एक कुख्यात गैंगस्टर से प्रभावित था और जल्दी पैसा कमाने के लालच में हथियारों की सप्लाई करने लगा था।
एरोस मॉल की पार्किंग में बिछाया जाल, बैग से निकले हथियार
द्वारका जिला डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने मानवीय खुफिया तंत्र और तकनीकी निगरानी के जरिए जाल बिछाया। इसके बाद द्वारका सेक्टर-14 मेट्रो स्टेशन के पास एरोस मॉल की पार्किंग से सुशांत सिंधु उर्फ सोनू को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके बैग से एक पिस्टल मैगजीन और एक रिवॉल्वर बरामद हुआ। इस संबंध में द्वारका नॉर्थ थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
बागपत से लाया हथियार, दोस्त को बेची पिस्टल
पूछताछ में सुशांत ने खुलासा किया कि उसने आसान पैसा कमाने के लिए अवैध हथियारों की सप्लाई शुरू की थी। करीब एक सप्ताह पहले उसने उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के खेकड़ा निवासी एक व्यक्ति से अपने दोस्त के जरिए हथियार हासिल किए थे। इनमें से एक विदेशी पिस्टल उसने नजफगढ़ के दिछाऊं कलां निवासी शुभम को बेच दी थी। पुलिस ने छापेमारी कर शुभम को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पिस्टल बरामद कर ली।
भाई की शादी में करनी थी हर्ष फायरिंग
पूछताछ में शुभम ने कथित तौर पर बताया कि उसने अपने सगे भाई की आगामी शादी में हर्ष फायरिंग करने के लिए पिस्टल खरीदी थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों का पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। सुशांत बारहवीं पास है, जबकि शुभम भी बारहवीं तक पढ़ा है और फिलहाल बेरोजगार था। डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में एसीपी ऑपरेशन सुभाष मलिक की निगरानी में स्पेशल स्टाफ ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अब विदेशी हथियारों के मुख्य सप्लायर की पहचान कर चुकी है और उसके नेटवर्क तथा अन्य संभावित संपर्कों की तलाश में जुटी है।
Reported By: Pankaj Rai












