डीसी और एसपी ने गांव दादूपुर में सुनी शिकायतें एवं समस्याएं, अधिकारियों को समाधान के दिए निर्देश

0
6

हरियाणा: हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित किए जा रहे रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत सोमवार देर सायं गांव दादूपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डीसी डॉ. विवेक भारती तथा एसपी निकिता खट्टर ने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए उनकी शिकायतें सुनीं। ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित 25 शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।

उपायुक्त ने समस्या समाधान पर जोर दिया

उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर संज्ञान लेकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रशासन द्वारा गांवों में पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद किया जा रहा है।

शिकायतों की स्थिति ली और प्रदर्शनी का अवलोकन

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से शिकायतों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा पात्र मामलों में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान उपायुक्त ने जनकल्याणकारी योजनाओं व सेवाओं से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे संबंधित विभाग से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाए।

शिकायतों की जांच के निर्देश

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक शिकायत की जांच की जाए। जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव है, उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा जिन मामलों में उच्च स्तर से अनुमति अथवा नीति संबंधी निर्णय आवश्यक है, उन्हें नियमानुसार संबंधित उच्च अधिकारियों को भेजा जाए।

निरंतर संपर्क और समीक्षा पर बल

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी ग्रामीणों के साथ निरंतर संपर्क में रहें और विकास कार्यों तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा भी की जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

एसपी ने कानून व्यवस्था और नशे की रोकथाम पर बात की

एसपी निकिता खट्टर ने ग्रामीणों से कानून व्यवस्था, नशे की रोकथाम, यातायात तथा अन्य स्थानीय समस्याओं के संबंध में जानकारी ली और संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया वे अपने बच्चों को उच्च शिक्षा या अन्य किसी कार्य से विदेश भेजते हैं तो सरकार द्वारा अधिकृत एजेंसी/एजेंटों के माध्यम से ही संपर्क कर उन्हें भेजे। इसके अलावा अभिभावक अपने बच्चों से नशे की रोकथाम को लेकर भी उनसे संवाद व चर्चा करें और उन्हें नशा न करने बारे जागरूक करें।

अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया  

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों का विभागवार संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और संबंधित मामलों में आवश्यक फॉलोअप भी किया जाएगा। इस अवसर पर एडीसी अनुराग ढालिया, एसडीएम रतिया सुरेंद्र सिंह, सीईओ जिला परिषद सुरेश कुमार, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अनीता बाई, एलडीएम लहरीमल, रोडवेज टीएम सुरेंद्र सिंह, लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन राहुल चहल, डिप्टी सीएमओ डॉ. शरद तुली, पंचायतीराज एक्सईएन देवेंद्र सिंह, रेडक्रॉस सचिव रवि हुड्डा, नायब तहसीलदार बलवान सिंह, उपनिदेशक पशुपालन डॉ. सुखविंदर, डीपीओ कविता रानी, बीडीपीओ विकास लांग्यान, सचिव अमित कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here