मुंबई: इंडिया सिनेमा की सुपरहिट फिल्म ‘बाहुबली’ का जादू अब कूटनीति तक पहुंच गया है। बता दें, ईरान सरकार प्रभास की इस फिल्म से इतनी प्रभावित हुई कि उसने अपने आधिकारिक बयान के लिए बाहुबली का एक युद्ध सीन ही शेयर कर दिया है। दरअसल, हैदराबाद स्थित ईरान के कॉन्सुलेट ने राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में दिए भाषण के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बाहुबली का एक वीडियो पोस्ट किया।
इस क्लिप में अमरेंद्र बाहुबली को अकेले ही विशाल कालकेय सेना के सामने डटकर खड़े होते दिखाया गया है। संख्या में कम होने के बावजूद बाहुबली पीछे नहीं हटते और पूरी ताकत से दुश्मनों का सामना करते हैं। इस वीडियो के साथ कॉन्सुलेट ने राष्ट्रपति पेजेश्कियान की वह लाइन भी लिखी जो उन्होंने UN में कही थी – “हम कभी अपना सिर नहीं झुकाएंगे और न ही घुटने टेकेंगे।”
UNGA में क्या बोले ईरानी राष्ट्रपति?
मसूद पेजेश्कियान ने 23 सितंबर को न्यूयॉर्क में UNGA के 81वें सत्र को संबोधित किया था। उनका भाषण अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संबोधन के एक दिन बाद आया था, जिसमें ट्रंप ने ईरान पर निशाना साधा था। पेजेश्कियान ने अपने भाषण में ईरान पर लगे प्रतिबंधों, पश्चिमी देशों के दबाव और अमेरिका-इजरायल के साथ तनाव का जिक्र किया।
Dr. Pezeshkian, President of I.R #Iran at UNGA: “Will never bow our head or bend the knee”
Like Baahubali standing against the Kalakeyas, we also shed our own blood in sacrifice for the homeland. pic.twitter.com/xc1S9H346Q
— Iran In Hyderabad (@IraninHyderabad) September 27, 2026
उन्होंने कहा कि ईरान किसी भी धमकी के आगे आत्मसमर्पण नहीं करेगा। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान पूर्व सुप्रीम लीडर की तस्वीर और कथित अमेरिकी-इजरायली हमलों में मारे गए बच्चों की तस्वीरें भी दिखाईं और कहा कि निर्दोषों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।
भारत में वायरल हुआ पोस्ट
वहीं ईरान का यह अनोखा अंदाज के भारत के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। यूजर्स हैरान है कि एक देश अपने कूटनीतिक संदेश के लिए भारतीय फिल्म का सीन इस्तेमाल कर रहा है। हालांकि कई लोगों ने इसे भारत और ईरान के सांस्कृतिक जुड़ाव के तौर पर भी देख रहे हैं। बता दें, 2015 में आई एस.एस. राजामौली की ‘बाहुबली: द बिगिनिंग’ में प्रभास के अलावा राणा दग्गुबाती, अनुष्का शेट्टी और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिका में थे। ईरान ने इसी फिल्म के जरिए दुनिया को यह संदेश देने की कोशिश की है कि वह बड़े से बड़े दबाव के सामने भी बाहुबली की तरह डटा रहेगा।












