नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली से चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है. बता दें, मामला घरेलू विवाद से जुड़ा है, जहां एक बाद 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हो गई है. मृतक की पहचान विनय गुप्ता के तौर पर हुई है, जो नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे. सामने आई जानकारी के अनुसार, विनय के परिवार ने उनकी पत्नी और ससुराल पक्ष के कई लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है. शिकायत के आधार पर पुलिस द्वारा विनय की पत्नी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. लेकिन क्या है पूरा मामला चलिए जानते है.
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि विनय और रेखा की शादी करीब साढ़े तीन साल पहले हुई थी और दोनों के जुड़वां बच्चे हैं. परिवार के मुताबिक, घटना वाले दिन दोनों के बीच एक बच्चे को दवा देने को लेकर बहस हुई थी. वहीं विवाद बढ़ने के बाद रेखा घर से चली गईं और करीब 10 मिनट बाद अपने मायके के कुछ लोगों के साथ वापस लौटीं. विनय के परिवार का आरोप है कि रेखा के साथ उनके दो भाई, भाभी, पिता, चाचा और एक अन्य व्यक्ति भी घर पहुंचे थे. परिजनों के मुताबिक, बातचीत के दौरान मामला बिगड़ गया और विनय के साथ मारपीट शुरू हो गई.
मारपीट ने ली जान
परिवार का दावा है कि विनय को काफी देर तक पीटा गया. इतना ही नहीं उनके साथ गला दबाने और सीने पर वार करने की बात भी कही गई है. माता-पिता ने बीच-बचाव कर बेटे को बचाने की कोशिश की, लेकिन कथित तौर पर मारपीट नहीं रुकी। परिजनों ने यह आरोप भी लगाया है कि घटना से पहले घर के सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए थे. जानकारी के अनुसार, इसी मारपीट के बाद विनय की हालत बिगड़ गई. इस दौरान एक पड़ोसी उसे घर से बाहर लेकर आया और उसे अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
विनय के परिवार के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच पहले भी छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होते रहते थे. इतना ही नहीं परिजनों ने ससुराल पक्ष पर पहले धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं. परिवार का कहना है कि अगर समय रहते विवाद सुलझ जाता तो यह स्थिति नहीं बनती.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में विनय की पत्नी रेखा, उनके दो भाइयों और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ और इसमें किसकी क्या भूमिका थी.












