नई दिल्ली: बॉलीवुड में कई बार एक्ट्रेसेस को शूट के दौरान ऐसी स्थितियों से गुजरना पड़ता है, जो आसान नहीं होती। कुछ ऐसा ही बॉलीवुड एक्ट्रेस दीया मिर्जा के साथ भी हुआ। दीया ने हाल ही में अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक किस्सा शेयर किया, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। उन्होंने बताया कि कैसे 22 साल पहले एक गाने की शूटिंग के दौरान उन्हें 100 मर्दों के सामने लगभग निर्वस्त्र होना पड़ा था।
‘तुमसा नहीं देखा’ के गाने का किस्सा
दीया मिर्जा ने यह किस्सा साल 2004 में आई फिल्म ‘तुमसा नहीं देखा’ के गाने ‘मुझे तुमसे मोहब्बत है’ को लेकर सुनाया। बॉलीवुड बबल को दिए इंटरव्यू में दीया ने बताया कि यह गाना उनके लिए सबसे मुश्किल एक्सपीरियंस में से एक था।
उन्होंने कहा कि एक लड़की के तौर पर सेट पर मौजूद सैकड़ों पुरुषों के सामने बस अंडरवियर और ब्रा में शूट करना बिल्कुल आसान नहीं था। उस वक्त सेट पर करीब 100 लोग मौजूद थे और उन्हें उन्हीं के सामने यह सीन करना पड़ा।
लोगों ने सुरक्षित महसूस कराया
दीया ने बताया कि भले ही यह उनके लिए मुश्किल था, लेकिन सेट पर मौजूद लोगों ने उन्हें काफी सुरक्षित महसूस कराया। इस गाने को वैभवी मर्चेंट ने कोरियोग्राफ किया था। दीया ने कहा, “इसने मुझे ऐसे आजाद किया जैसा मैंने कभी सोचा भी नहीं था।
इसके बाद पूरे आत्मविश्वास के साथ मैं इस गाने को परफॉर्म कर पाई, उसकी वजह यह थी कि वैभवी मर्चेंट इस गाने की कोरियोग्राफर थीं। वहीं, इस पर काम करने वाले सभी लोगों ने मुझे बहुत सुरक्षित महसूस कराया।”
किरदार की सच्चाई सबसे जरूरी
दीया ने आगे कहा कि उस वक्त तक वह समझ चुकी थीं कि एक एक्टर के लिए किरदार की सच्चाई को समझना सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा, “मेरे लिए यह मायने नहीं रखता था कि कमरे में 500 लोग हैं या 1,000 लोग। मैं इसे कैसे समझाऊं? ऐसा लगा तो सही, लेकिन असल में वैसा महसूस नहीं हुआ, क्योंकि तब तक मैं समझ चुकी थी कि अपने रोल के जरिए आप क्या संदेश दे रहे हैं, यह कितना जरूरी है।”
25 साल के सफर ने बनाया मजबूत
दीया ने कहा कि उनके करियर के शुरुआती दौर की ऐसी ही कई बातों ने उन्हें आज का कलाकार बनाया है। अगर आज वह किसी किरदार में गहराई और असल जिंदगी का अनुभव ला पाती हैं तो इसकी वजह पिछले 25 सालों में पार की गई मुश्किलें हैं।उन्होंने कहा कि यह एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है और वह सीखती रहेंगी और बेहतर होती जाएंगी। फिल्म ‘तुमसा नहीं देखा- ए लव स्टोरी’ अनुराग बसु द्वारा निर्देशित थी और मुकेश भट्ट ने इसे प्रोड्यूस किया था। यह हॉलीवुड फिल्म ‘प्रिटी वुमन’ से प्रेरित थी।












