पटना: बिहार पुलिस में दारोगा भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए हाल ही में बड़ी खबर सामने आई है। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने सब-इंस्पेक्टर के 1799 पदों के लिए हुई मुख्य परीक्षा को रद्द कर दिया है। आयोग ने इस संबंध में अपनी आधिकारिक वेबसाइट bpssc.bihar.gov.in पर नोटिस जारी किया है।
यह मुख्य परीक्षा 27 मई 2026 को आयोजित की गई थी। नोटिस में आयोग ने परीक्षा रद्द करने की वजह अपरिहार्य कारण बताया है, हालांकि स्पष्ट कारण का जिक्र नहीं किया गया है। लेकिन माना जा रहा है कि पेपर लीक और परीक्षा में धांधली की शिकायतों के बाद यह कदम उठाया गया है।
क्या परीक्षा में हो रही थी धांधली
दरअसल, परीक्षा के बाद से ही अभ्यर्थी लगातार धांधली के आरोप लगा रहे थे। मामला बढ़ने पर आर्थि
क अपराध इकाई (EOU) ने इसकी जांच शुरू की, जहां जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। EOU को पता चला है कि कई परीक्षा केंद्रों पर 20 से ज्यादा बार बिजली काटी गई और इस दौरान जैमर बंद करके प्रश्न पत्र की फोटो बाहर भेजी गई और बाहर से उत्तर मंगवाए गए।
जांच एजेंसी ने बिजली आपूर्ति का रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और जैमर के लॉग को खंगालना शुरू किया। प्रारंभिक जांच के बाद EOU ने अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप दी, जिसके बाद आयोग ने परीक्षा को रद्द करने का आदेश जारी कर दिया।
35,857 शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों को रिजल्ट हुआ अमान्य
गौरतलब है कि 27 मई को परीक्षा होने के बाद 19 जून को इसका रिजल्ट भी जारी कर दिया गया था। इसमें कुल 35,857 अभ्यर्थियों को फिजिकल टेस्ट परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था लेकिन अब रिजल्ट भी अमान्य हो गया है। BPSSC ने अपने नोटिस में कहा है कि इस भर्ती के लिए नई परीक्षा तिथि की घोषणा जल्द ही की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और सभी अपडेट के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।












