हिसार: पुलिस अधीक्षक हिसार के दिशा-निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), हिसार द्वारा चलाए जा रहे ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत आज ब्लूमिंग डेल्स स्कूल, हिसार में एक विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में हिसार पुलिस के साइबर सेल से सहायक उप-निरीक्षक (ASI) नरेश कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की और छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव व इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग की विस्तृत जानकारी दी।
साइबर खतरों और टू-स्टेप वेरिफिकेशन पर जोर
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक दौर में तेजी से बढ़ रहे साइबर खतरों जैसे कि साइबर बुलिंग, साइबर ग्रूमिंग, और सोशल मीडिया के असुरक्षित उपयोग के प्रति सचेत किया गया। ASI नरेश कुमार ने टू-स्टेप वेरिफिकेशन (Two-Step Verification) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपनी निजी जानकारी, पासवर्ड, OTP अथवा निजी तस्वीरें किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
डिजिटल सुरक्षा के लिए ‘ABCs of Information Security’ का मंत्र: कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए ‘ABCs of Information Security’ के महत्वपूर्ण नियम समझाए गए। इसके अंतर्गत:
– ऑनलाइन लेन-देन या सेशन पूरा होने के बाद अकाउंट को तुरंत लॉगआउट करें।
– मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करें और व्यक्तिगत अकाउंट्स की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सत्यापन (Strong Authentication) अपनाएं।
– अपने कंप्यूटर और मोबाइल में सिस्टम सॉफ्टवेयर व एंटी-वायरस अपडेट रखें तथा अनावश्यक या संदिग्ध ऐप्स को तुरंत हटा दें।
– किसी भी संदिग्ध लिंक, फर्जी संदेश या लुभावने ऑनलाइन दावों पर क्लिक न करें।
चुप न रहें, तुरंत दें सूचना
चुप न रहें, अभिभावकों व पुलिस को दें सूचना: विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि यदि वे या उनका कोई साथी किसी भी प्रकार की साइबर बुलिंग, ब्लैकमेलिंग या ऑनलाइन उत्पीड़न का शिकार होता है, तो डरें या चुप न रहें। ऐसी स्थिति में तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षकों या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें।
हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी
इसके साथ ही साइबर वित्तीय ठगी या ऑनलाइन अपराध की स्थिति में त्वरित शिकायत दर्ज कराने के लिए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 और आधिकारिक साइबर पोर्टल www.cybercrime.gov.in के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की गई।
एसपी हिसार का संदेश: हिसार पुलिस का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को डिजिटल दुनिया के खतरों से बचाना और उन्हें एक जिम्मेदार व जागरूक नागरिक बनाना है। सुरक्षित इंटरनेट व्यवहार ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।












