गाजियाबाद: भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई अब केवल किसी एक देश की सीमा तक सीमित नहीं है। काली कमाई बेनामी संपत्तियों और आर्थिक अपराधों का नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैल रहा है। ऐसे में इन अपराधों की जड़ तक पहुंचने और अवैध संपत्तियों की बरामदगी के लिए भारत ने एक बार फिर वैश्विक सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 16 देशों के 24 अधिकारियों को भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की जांच और अवैध संपत्तियों की पहचान एवं बरामदगी का विशेष प्रशिक्षण दिया है।
सीबीआई अकादमी गाजियाबाद में विदेश मंत्रालय के भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग (आईटीईसी) कार्यक्रम के तहत 4 से 10 नवंबर तक एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम आयोजित किया गया। 10 नवंबर को आयोजित समापन समारोह की अध्यक्षता सीबीआई के विशेष निदेशक एन. वेणुगोपाल ने की।
16 देशों के अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण
इस अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में बोत्सवाना के तीन, लेबनान, माली, मॉरीशस, नाइजीरिया, तंजानिया और जिम्बाब्वे के दो-दो तथा इथियोपिया, घाना, इराक, मेडागास्कर, मालदीव, म्यांमार, नामीबिया, पनामा और पराग्वे के एक-एक अधिकारी शामिल हुए। कुल 24 प्रतिभागियों में 11 महिला और 13 पुरुष अधिकारी थे। ये सभी कानून प्रवर्तन और जांच से जुड़े विभागों में कार्यरत हैं।
डिजिटल सबूत से लेकर क्रिप्टोकरेंसी तक की जांच के गुर
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को भ्रष्टाचार के मामलों में संयुक्त राष्ट्र भ्रष्टाचार विरोधी अभिसमय और भारतीय कानूनों के तहत कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही डिजिटल साक्ष्यों की पहचान एवं संग्रह, क्रिप्टो करेंसी में निवेश का पता लगाने, संपत्तियों की निगरानी, धन के लेन-देन की कड़ियां जोड़ने और बेनामी संपत्तियों तथा मुखौटा कंपनियों के नेटवर्क का पर्दाफाश करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
इसके अलावा अपराध से अर्जित धन की बरामदगी, दीवानी एवं आपराधिक संपत्ति जब्ती, न्यायिक कार्यवाही में जांच से जुड़े साक्ष्यों की मजबूती और अभियोजन को प्रभावी बनाने के तरीकों पर भी विशेषज्ञों ने जानकारी साझा की।
सीबीआई मुख्यालय की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का भी दौरा
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत विदेशी अधिकारियों को सीबीआई मुख्यालय स्थित नेटवर्क फॉर एविडेंस ट्रेसिंग, रिसर्च एंड एनालिसिस (नेट्रा) प्रयोगशाला तथा वैश्विक संचालन केंद्र का भी भ्रमण कराया गया। यहां प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से साक्ष्यों के विश्लेषण, जांच और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वय की कार्यप्रणाली से परिचित कराया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों के लिए दिल्ली के ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण भी आयोजित किया गया।
सीबीआई की यह पहल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जांच एजेंसियों के बीच अनुभव, तकनीक और विशेषज्ञता साझा करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। इसका उद्देश्य विभिन्न देशों की जांच एजेंसियों को भ्रष्टाचार, आर्थिक अपराध और अवैध संपत्तियों के मामलों में अधिक सक्षम बनाना तथा आपसी सहयोग को मजबूत करना है।











