बिहार में दृश्यम जैसी साजिश, 2000 KM दूर से आया बेटा बना कातिल, एक कॉल ने खोल दिया राज

0
8

पटना: बिहार के समस्तीपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक बेटे ने बॉलीवुड फिल्म दृश्यम की तरह शातिर साजिश रचकर अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। जमीन बेचने के विवाद में बेटे ने 2000 किलोमीटर दूर सूरत से आकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

कैसे हुई हत्या? 

यह मामला हलई थाना क्षेत्र के दरबा गांव का है। 27 जुलाई 2026 की रात किसान रघुवीर सहनी अपने घर के बाहर सो रहे थे। तभी किसी ने उन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ पटोरी के नेतृत्व में SIT बनाई गई।

शुरुआत में पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा। फिर पुलिस ने घटनास्थल का टावर डंप डेटा निकलवाया, जिसमें मृतक के बेटे शिवशंकर सहनी का नंबर मिला। लेकिन गांव वालों ने बताया कि शिवशंकर तो सूरत में काम करता है।

मोबाइल बंद कर रची थी साजिश

गहराई से जांच करने पर पुलिस को शक हुआ। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए सूरत में ही अपना मोबाइल बंद कर दिया था, ताकि लोकेशन गुजरात की ही दिखे। लेकिन उसकी एक गलती ने पूरी प्लानिंग पर पानी फेर दिया। मोबाइल बंद करने से ठीक पहले उसने अपनी पत्नी को कॉल किया था। उस कॉल की लोकेशन और टेक्निकल जांच से पुलिस को पता चल गया कि वह बिहार में ही है। वह हत्या के बाद भी इंटरनेट कॉल से गांव की खबर ले रहा था।

पैदल गांव पहुंचा और वारदात को दिया अंजाम

पुलिस ने सूरत से शिवशंकर को गिरफ्तार किया तो उसने सब कुछ कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह ट्रेन से पटोरी स्टेशन पर उतरा और पकड़े जाने के डर से कई किलोमीटर पैदल चलकर रात में गांव पहुंचा। घर के पीछे के दरवाजे से अंदर घुसा, वहीं रखी कुल्हाड़ी उठाई और सो रहे पिता पर हमला कर दिया। हत्या के बाद कुल्हाड़ी वहीं छोड़कर वह वापस पटोरी स्टेशन गया और ट्रेन से पटना होते हुए सूरत भाग गया।

पूछताछ में पता चला कि शिवशंकर गांव की जमीन बेचना चाहता था, लेकिन पिता रघुवीर इसके खिलाफ थे। इसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था। इसी रंजिश में उसने पिता को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here