दिल्ली में अवैध पटाखों के गोदाम पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 2,375 किलो हरे पटाखे बरामद

0
6

नई दिल्ली: राजधानी में प्रदूषण पर नियंत्रण और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली पुलिस ने अवैध पटाखों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस के थाना शालीमार बाग के बीट स्टाफ ने हैदरपुर गांव स्थित एक गोदाम में छापा मारकर लगभग 23 क्विंटल 75 किलोग्राम यानी 2,375 किलोग्राम हरे पटाखे बरामद किए। पुलिस ने इस मामले में दो व्यक्तियों को संलिप्त पाए जाने पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।

गुप्त सूचना से खुला अवैध भंडारण का राज

नॉर्थ वेस्ट जिला डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि बीट गश्त के दौरान हेड कांस्टेबल अमित कुमार यादव और हेड कांस्टेबल कुलदीप बलियान को गोविंद मोहल्ला, हैदरपुर गांव में पटाखों के अवैध भंडारण की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई। मौके पर गोदाम बंद मिला जिसके बाद उसके मालिक को बुलाकर नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी में भारी मात्रा में हरे पटाखे मिलने से पुलिस भी सतर्क हो गई।

लाइसेंस नहीं, गोदाम में पटाखों का अंबार

पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों से पटाखों के भंडारण की वैध अनुमति और लाइसेंस मांगा लेकिन वे आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद उपनिरीक्षक धीरज सिंह ने मौके पर पहुंचकर बरामद पटाखों की सूची तैयार की और पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने लाइसेंस मिलने के बाद पटाखे बेचने के उद्देश्य से खरीदे थे लेकिन भंडारण के समय उनके पास वैध अनुमति नहीं थी।

दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने रोहन गाबा और भाव्य जग्गी के खिलाफ थाना शालीमार बाग में प्राथमिकी संख्या 367/2026 दर्ज की है। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(बी)/288 तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9(बी) के तहत दर्ज किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।पुलिस की अपील, प्रतिबंधित पटाखों की खरीद-बिक्री और अवैध भंडारण से दूर रहें। नियमों का उल्लंघन जनसुरक्षा और पर्यावरण के लिए खतरा बन सकता है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here