दिनदहाड़े मोहनिश की हत्या से मचा था हड़कंप, स्पेशल सेल ने खोली खूनी साजिश की परतें! मुख्य शूटर समेत दो आरोपी गिरफ्तार

0
6

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में अपराधियों के बीच पुरानी रंजिश और बदले की आग किस तरह खूनी वारदात में बदल सकती है, इसका सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाहरी जिले के रणहौला थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई मोहनिश की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य शूटर रेहान और एक अन्य आरोपी जो विधि से संघर्षरत बालक है को पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है।

प्रधान चौक पर बरसाई थीं ताबड़तोड़ गोलियां

स्पेशल सेल डीसीपी नारा चैतन्य ने बताया कि 11 अक्टूबर 2026 को विकास नगर के बी-ब्लॉक स्थित प्रधान चौक के पास मोहम्मद मोहनिश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि मोटरसाइकिल सवार चार हमलावरों ने पीछे से उसे घेर लिया और नजदीक से अंधाधुंध गोलियां चला दीं। हमले में मोहनिश की मौके पर ही मौत हो गई। इस संबंध में रणहौला थाने में प्राथमिकी संख्या 687/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार मृतक मोहनिश रणहौला थाने का घोषित बदमाश था और उसके खिलाफ झपटमारी, लूट, हत्या के प्रयास, रंगदारी तथा अवैध हथियारों से जुड़े दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज रहे थे।

बदले की आग में बुनी गई हत्या की साजिश!

स्पेशल सेल की जांच में हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक एक कथित विवाद में मोहनिश की भूमिका को लेकर विधि से संघर्षरत बालक उससे नाराज था। आरोप है कि मोहनिश और उसके साथियों ने पहले उसके साथ मारपीट की थी और उसे जान से मारने की धमकियां भी दी थीं। इसके अलावा, जून 2026 में बॉबी की हत्या को लेकर भी बालक के मन में रंजिश थी। जांच के अनुसार, जेल में मोहनिश से कथित तौर पर अपमानित होने के कारण रेहान भी उससे दुश्मनी रखता था। वहीं, प्रीत और विक्रम की भी मोहनिश से रंजिश बताई गई है। पुलिस का दावा है कि इन सभी ने कथित तौर पर एकजुट होकर मोहनिश को रास्ते से हटाने की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, इस साजिश में सभी आरोपियों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

नजफगढ़ इलाके में बिछाया जाल, दो आरोपी दबोचे

स्पेशल सेल की दक्षिण-पश्चिमी रेंज की टीम हत्या के मामले की लगातार जांच कर रही थी। इसी दौरान 19 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि रेहान और एक विधि से संघर्षरत बालक अवैध हथियारों के साथ दिचाऊं-बामनोली नजफगढ़ इलाके में किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान के आसपास जाल बिछाया और दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बालक के कब्जे से एक अर्ध-स्वचालित पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस जबकि रेहान के कब्जे से एक अन्य पिस्तौल बरामद हुई। इस संबंध में स्पेशल सेल थाने में प्राथमिकी संख्या 249/2026, दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई।

सातवीं कक्षा तक पढ़ा है रेहान

पुलिस के अनुसार 21 वर्षीय रेहान ने सातवीं कक्षा तक पढ़ाई की है। वह पहले भी निहाल विहार थाने में दर्ज लूट के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल हथियारों के स्रोत अन्य आरोपियों की भूमिका और कथित साजिश से जुड़े दूसरे पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

स्पेशल सेल की टीम ने निभाई अहम भूमिका

इस कार्रवाई को स्पेशल सेल की दक्षिण-पश्चिमी रेंज की टीम ने अंजाम दिया। टीम का नेतृत्व निरीक्षक संदीप यादव और निरीक्षक नीरज कुमार ने किया। पूरी कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त पुरण चंद्र पंत की देखरेख में की गई। कार्रवाई में शामिल उपनिरीक्षक विनीत पूनिया, उपनिरीक्षक संदीप दहिया, सहायक उपनिरीक्षक कुलभूषण, हेड कांस्टेबल प्रिंगल, हेड कांस्टेबल अभिमन्यु, हेड कांस्टेबल नवीन शर्मा, हेड कांस्टेबल नवीन छिल्लर और कांस्टेबल राहुल रहे। मामले में आगे की जांच जारी है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here