नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली की सड़कों पर गाड़ियों के शीशों पर चढ़ी काली और अनधिकृत फिल्मों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने एक बार फिर जोरदार अभियान चलाया है। फिल्मी अंदाज में कहें तो सड़क पर दौड़ती उन गाड़ियों के खिलाफ पुलिस ने ऐसा “एक्शन” लिया, जिनके शीशे नियमों की सीमा से ज्यादा काले थे। 21 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में चले विशेष अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने 3,079 वाहनों में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया और उनके खिलाफ कार्रवाई की।
ज्वाइंट सीपी ट्रैफिक संजय कुमार त्यागी की निगरानी में चलाए गए इस विशेष अभियान का मकसद केवल नियमों का पालन कराना नहीं बल्कि सड़क पर वाहन चालकों और दूसरे राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी था। ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली की सभी ट्रैफिक रेंज में अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की गहन जांच की। संबंधित ट्रैफिक रेंज के पुलिस उपायुक्तों की निगरानी में चले अभियान की समग्र निगरानी अपर पुलिस आयुक्त, ट्रैफिक श्री दिनेश कुमार गुप्ता, आईपीएस ने की।
नॉर्दर्न रेंज बनी सबसे आगे
कार्रवाई के आंकड़े सामने आए तो नॉर्दर्न रेंज सबसे आगे नजर आई। यहां जांच के दौरान 1,256 वाहनों में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया गया। इसके बाद नई दिल्ली रेंज में 793, पश्चिमी रेंज में 338, दक्षिणी रेंज में 298, पूर्वी रेंज में 202 और केंद्रीय रेंज में 192 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस तरह दो सप्ताह तक चले अभियान में कुल 3079 वाहन ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई के दायरे में आए।
काली फिल्म सिर्फ स्टाइल नहीं, बन सकती है खतरे की वजह
गाड़ियों के शीशों पर अत्यधिक गहरी या अनधिकृत फिल्म भले ही कुछ लोगों को स्टाइल निजता या धूप से बचाव का साधन नजर आती हो, लेकिन सड़क पर यही फिल्म कई बार सुरक्षा के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है। खासकर रात के समय, खराब मौसम या कम रोशनी में गहरे शीशों के कारण चालक को बाहर की स्थिति स्पष्ट रूप से देखने में दिक्कत हो सकती है। वाहन के पीछे और दोनों तरफ की दृश्यता कम होने से आसपास चल रहे वाहनों, पैदल यात्रियों, साइकिल सवारों और सड़क पर मौजूद अन्य संभावित खतरों को समय रहते देखना मुश्किल हो सकता है। ऐसी स्थिति सड़क हादसे की आशंका को बढ़ा सकती है।
धूप, निजता और स्टाइल के नाम पर नियमों से समझौता नहीं
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार कुछ वाहन मालिक धूप से बचने, निजता बनाए रखने या गाड़ी को आकर्षक दिखाने के लिए बाजार से अलग से फिल्म अथवा अन्य सामग्री शीशों पर लगवा लेते हैं। लेकिन सड़क पर वाहन चलाते समय सबसे पहली प्राथमिकता सुरक्षित दृश्यता होनी चाहिए। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के शीशों पर अनधिकृत काली या अत्यधिक गहरी फिल्म न लगाएं और निर्धारित दृश्यता मानकों का पालन करें।
अभियान आगे भी रहेगा जारी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने साफ कर दिया है कि अनधिकृत काली फिल्मों और निर्धारित दृश्यता मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। यानी सड़क पर फिल्मी स्टाइल में गाड़ी चलाने वालों के लिए अब “कट” नहीं, बल्कि नियमों का पालन जरूरी है। ट्रैफिक पुलिस का संदेश भी बिल्कुल साफ है वाहन का शीशा जितना साफ होगा चालक की नजर उतनी बेहतर होगी और सफर उतना ही सुरक्षित होगा।












