सहारनपुर के पीएनबी करेंसी चेस्ट में मिले थे 17.29 करोड़ रुपये के जाली नोट, अंबाला से मनाली तक एनआईए ने बिछाया शिकंजा

0
5

नई दिल्ली: नकली नोटों के काले कारोबार के खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साजिश के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पंजाब नेशनल बैंक के सहारनपुर स्थित करेंसी चेस्ट में 17.29 करोड़ रुपये के जाली नोट मिलने के सनसनीखेज मामले में जांच एजेंसी ने अंबाला से मनाली तक आरोपियों की तलाश तेज करते हुए अजय कुमार और हरीश रौंता को गिरफ्तार किया है। जांच में दोनों पर नकली भारतीय मुद्रा की छपाई और बड़ी मात्रा में उसकी आपूर्ति की साजिश में शामिल होने का आरोप है।

अंबाला और मनाली से दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार

एनआईए के मुताबिक अजय कुमार को 16 अक्टूबर को हरियाणा के अंबाला से, जबकि हरीश रौंता को 22 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश के मनाली से गिरफ्तार किया गया। दोनों पहले गिरफ्तार आरोपी आदेश चौधरी और अन्य आरोपियों के करीबी सहयोगी बताए गए हैं। एजेंसी इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

PNB करेंसी चेस्ट में मिले थे नकली नोट

मामले का खुलासा 29 अगस्त 2026 को हुआ, जब उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के सदर बाजार थाने को पीएनबी करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये मूल्य के जाली नोट मिलने की सूचना मिली। जांच के दौरान बैंक के तीन कर्मचारियों की भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद बैंक ने उन्हें निलंबित कर दिया।

सहारनपुर पुलिस से NIA ने संभाली कमान

शुरुआत में मामला सहारनपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 178 के तहत दर्ज किया था। एनआईए ने 3 सितंबर को इसकी जांच अपने हाथ में ले ली। इससे पहले सितंबर में अमित कुमार, आदेश चौधरी, मुकेश कुमार, राजेंद्र और नीतू को गिरफ्तार किया जा चुका है।

नकली नोटों के रैकेट पर NIA का बड़ा एक्शन

अब साजिश के बाकी चेहरों की तलाश तेज है। एनआईए का कहना है कि नकली नोटों के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और शेष आरोपियों व संदिग्धों तक पहुंचने के लिए जांच जारी है।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here