नोएडा: औद्योगिक नगरी नोएडा के सेक्टर-6 में सोमवार को आग ने ऐसा तांडव मचाया कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। थाना फेस-1 क्षेत्र के बी-134 स्थित चार मंजिला कंपनी अचानक आग की लपटों से घिर गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और इमारत से उठता काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस और अग्निशमन विभाग की मुस्तैदी ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।
आग की खबर मिलते ही दौड़ी टीमें
23 नवंबर को कंपनी में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। कंपनी में कृत्रिम प्लास्टिक के फूल बनाने का काम होता है। आग की गंभीरता और उसके फैलने की आशंका को देखते हुए दमकल विभाग ने बिना देर किए मोर्चा संभाल लिया।
25 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया। देखते ही देखते मौके पर 25 दमकल गाड़ियां पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने लगातार पानी की बौछार करते हुए आग की लपटों को घेरने और फैलाव रोकने का प्रयास किया। घंटों की कड़ी मशक्कत और समन्वित कार्रवाई के बाद आग पर काबू पाने में सफलता मिली।
प्लास्टिक के फूलों की कंपनी बनी आग का निशाना
बी-134 स्थित चार मंजिला इमारत में प्लास्टिक से बने कृत्रिम फूलों का निर्माण किया जाता है। आग की चपेट में कंपनी का परिसर आ गया। आग की ऊंची लपटों और धुएं के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी रही। पुलिस ने भी मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए अग्निशमन अभियान में सहयोग किया।
सीएफओ प्रदीप कुमार ने दी जानकारी
मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौतमबुद्धनगर प्रदीप कुमार ने बताया कि 23 नवंबर को थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-6 स्थित कंपनी में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना पर दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। कुल 25 दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझा दी गई। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
मुस्तैदी ने बचाई अनमोल जिंदगियां
आग की लपटें भले ही चार मंजिला इमारत को अपनी गिरफ्त में लेने पर आमादा थीं, लेकिन पुलिस और अग्निशमन विभाग की तत्परता के आगे उनकी एक न चली। समय पर पहुंची टीमों और दमकलकर्मियों की कड़ी मेहनत से बड़ा हादसा टल गया।
Reported By: Pankaj Rai












