सफाई कर्मियों के सम्मान में महापौर का बड़ा ऐलान दो माह में 1,467 कर्मचारी नियमित!

0
5

नई दिल्ली: राजधानी की सफाई व्यवस्था को अपने पसीने से चमकाने वाले सफाई कर्मचारियों के लिए दिल्ली नगर निगम ने खुशियों का पिटारा खोल दिया है। वर्षों की सेवा और मेहनत को सम्मान देते हुए निगम ने महज दो माह में 1,467 सफाई कर्मचारियों को नियमित कर दिया है। वहीं दिवाली से पहले लगभग 400 और कर्मचारियों को नियमित करने की तैयारी है। निगम के इस कदम से कर्मचारियों और उनके परिवारों को रोजगार में स्थायित्व तथा सामाजिक सुरक्षा मिलने की उम्मीद है। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने सोमवार को निगम मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी राजधानी की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। कठिन परिस्थितियों में दिन-रात काम करने वाले इन कर्मियों के योगदान का सम्मान करना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

अक्टूबर में नियमितीकरण और पदोन्नति के आंकड़े

महापौर के अनुसार अक्टूबर में वर्ष 1998–2000 और 2000–2002 के बैच के 505 सफाई कर्मचारियों को नियमित किया गया। इसके अलावा दिवंगत सफाई कर्मचारियों के आश्रितों को करुणामूलक आधार पर 542 दैनिक वेतनभोगी पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं। अक्टूबर में इनमें से 109 नियुक्तियां प्रदान की गईं। साथ ही 111 सहायक स्वच्छता निरीक्षकों को स्वच्छता निरीक्षक के पद पर पदोन्नति दी गई है। वाही ने घोषणा की कि अगले तीन महीनों में लगभग 7,630 सफाई कर्मचारियों को नियमित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में निगम कर्मचारियों के कल्याण और अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रयासरत है। प्रेस वार्ता में उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा, नेता सदन जय भगवान यादव और पर्यावरण प्रबंधन सेवाएं समिति अध्यक्ष संदीप कपूर मौजूद रहे।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here