खाकी की ‘पिंक पेट्रोलिंग’ से महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा, असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर

0
6

नई दिल्ली: महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर सक्रियता बढ़ाई है। उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की ‘पिंक फुट पेट्रोलिंग’ मुहिम सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा का भरोसा कायम करने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दे रही है। इस अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मी पार्कों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर रही हैं। उनका मकसद केवल संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना ही नहीं, बल्कि आम लोगों की समस्याओं को सुनना और उनके मन में पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करना भी है।

सुरक्षा के मैदान में महिला पुलिस की सीधी दस्तक

उत्तर-पश्चिम जिला डीसीपी आकांक्षा यादव की निगरानी में इस विशेष पहल के तहत महिला पुलिसकर्मी उन स्थानों पर विशेष निगरानी रख रही हैं जहां महिलाओं, बच्चों और अन्य नागरिकों को सुरक्षा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। पैदल गश्त के दौरान पुलिसकर्मी महिलाओं, स्कूली विद्यार्थियों, किशोरों, वरिष्ठ नागरिकों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं, जरूरतें और सुझाव जान रही हैं।

इस अभियान का उद्देश्य पुलिस की मौजूदगी को अधिक प्रभावी और सहज बनाना है, ताकि किसी भी नागरिक को परेशानी होने पर मदद मांगने में संकोच न हो। पुलिसकर्मियों की सक्रिय मौजूदगी से संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और नागरिकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है।

सिर्फ गश्त नहीं, भरोसे की मजबूत कड़ी

पिंक फुट पेट्रोलिंग को सामुदायिक पुलिसिंग की ऐसी पहल के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है, जिसमें पुलिस और जनता के बीच संवाद को विशेष महत्व दिया गया है। महिला पुलिसकर्मी लोगों से सीधे जुड़कर उनकी चिंताओं को समझ रही हैं जिससे सुरक्षा संबंधी समस्याओं की पहचान करने और समय रहते सतर्कता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

इस मुहिम के जरिए पुलिस यह संदेश दे रही है कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थलों पर सतर्कता, जागरूकता और पुलिस की सक्रिय भागीदारी सुरक्षित माहौल तैयार करने में अहम भूमिका निभाती है।

आपात स्थिति में 112 पर करें कॉल

उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस सहायता के लिए आपातकालीन नंबर *112* पर कॉल किया जा सकता है। इसके अलावा नागरिक अपने नजदीकी थाने से भी संपर्क कर सकते हैं।

खाकी का संकल्प सुरक्षित नागरिक, सशक्त समाज

पिंक फुट पेट्रोलिंग के माध्यम से उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस का लक्ष्य महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण को बढ़ावा देना नागरिकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पुलिस-जनता के बीच विश्वास की डोर को मजबूत करना है। संदेश साफ है सुरक्षा में सतर्कता, पुलिस से साझेदारी और समाज में विश्वास; यही सुरक्षित दिल्ली की पहचान है।

 

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here