नई दिल्ली: दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली से पहले सियासी घमासान तेज हो गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी पर बड़ा आरोपी लगाया है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी ने कनॉट प्लेस की सभी दुकानें जबरदस्ती बंद करवा दी हैं और व्यापारियों को नुकसान पहुंचा रही है। राहुल गांधी ने रैली से पहले कहा,”हमने सभी लोगों से अपील की थी कि जब आप मार्च और महारैली के लिए दिल्ली आएं तो यहां से खरीदारी भी करें। लेकिन कनॉट प्लेस आते हुए हमें पता चला कि बीजेपी ने सारी दुकानें जबरदस्ती बंद करवा दी हैं। तो व्यापारियों का नुकसान कौन कर रहा है, यह आप खुद समझ लीजिए।”
रैली में आने वालों से खरीदारी की अपील
इससे एक दिन पहले शनिवार देर शाम राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दिल्ली आने वाले लोगों से अपील की थी कि वे स्थानीय व्यापारियों से सामान जरूर खरीदें। उन्होंने कहा था कि दिवाली, छठ और भाईदूज का त्योहार चल रहा है। ऐसे में अगर रैली में आने वाले लाखों लोग छोटी दुकानों से थोड़ी-थोड़ी खरीदारी भी करेंगे तो स्थानीय व्यापारियों को बड़ा फायदा होगा। राहुल ने अपनी पोस्ट में लिखा था, “प्रोटेस्ट, मार्च, रैली कीजिए, साथ में थोड़ी सी खरीदारी भी कीजिए, व्यापारियों का फायदा हो जाएगा।”
उन्होंने आरोप लगाया था कि बीजेपी जानबूझकर यह अफवाह फैला रही है कि विपक्ष की रैली से व्यापारियों को नुकसान होगा। राहुल का कहना था कि असल में रैली से व्यापारियों को फायदा होगा, क्योंकि बाहर से आने वाले लोग खरीदारी करेंगे। बीजेपी डर की वजह से ऐसी अफवाहें फैला रही है।
क्या है पूरा मामला?
INDIA गठबंधन की यह महारैली कथित चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ आयोजित की जा रही है। विपक्षी दल चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इसे विपक्ष के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। इसी रैली को लेकर बीजेपी और कांग्रेस में जुबानी जंग छिड़ी हुई है। बीजेपी का कहना है कि रामलीला मैदान में बड़ी रैली और मार्च से दिल्ली के व्यापारियों, खासकर कनॉट प्लेस और आसपास के दुकानदारों को नुकसान होगा। भीड़ और ट्रैफिक की वजह से ग्राहक नहीं आएंगे।
वहीं कांग्रेस का पलटवार है कि बीजेपी खुद दुकानें बंद करवाकर इस नुकसान के लिए विपक्ष को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश कर रही है। अब कनॉट प्लेस की दुकानें बंद होने के आरोप ने इस विवाद को और हवा दे दी है।












