यमुनानगर: भारत की खोई सांस्कृतिक विरासत को फिर से पहचान दिलाने और विकास की नई इबारत लिखने का संकल्प हरियाणा की पावन धरती से गूंजा। केंद्रीय विरासत एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सरस्वती नदी के पुनर्जीवन को ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि सरस्वती का पुनरुद्धार, करतारपुर साहिब गलियारे का खुलना और अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की पुनर्स्थापना भारत के गौरवशाली पुनर्जागरण के प्रतीक हैं।
शुक्रवार को यमुनानगर में कपाल मोचन-आदि बद्री मेले के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में उन्होंने कहा कि कपाल मोचन केवल तीर्थ नहीं, बल्कि आस्था, आत्मशुद्धि और साझा संस्कृति की अनमोल धरोहर है। यहां से मनुष्य को अहंकार और क्रोध त्यागकर सेवा, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने गुरु घर में माथा टेका, हवन-यज्ञ के साथ मेले का शुभारंभ किया और लगभग 187 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 16 नई अमृत फार्मेसी, 11 जलघरों में नए टैंकों का निर्माण और जगाधरी की पुरानी सीवर लाइन के पुनर्वास कार्य शामिल हैं।
शेखावत ने हरियाणा की धरती को किसानों, वीर सैनिकों, पहलवानों, खिलाड़ियों और ऋषि-मुनियों की तपोभूमि बताया। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति पूरी दुनिया को परिवार मानने का संदेश देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक, सामरिक और तकनीकी क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी को जरूरी बताते हुए जल संरक्षण, पर्यावरण रक्षा और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस मौके पर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, रेणू बाला, महापौर सुमन बहमनी, डॉ. सुमिता मिश्रा, पूर्व मंत्री कंवर पाल, बंतो कटारिया और जगदीश सिंह झींडा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।











