अमेरिका में साइबर हमलों के बीच FBI का बड़ा एक्शन, काश पटेल ने शुरू किया 'ऑपरेशन विंटर शील्ड'

0
2

नई दिल्ली: अमेरिका में साइबर हमलों और तकनीकी सेवाओं में रुकावटों के बीच एफबीआई निदेशक काश पटेल ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिकी एजेंसियां साइबर खतरों के खिलाफ आक्रामक कार्रवाई कर रही हैं। पटेल के मुताबिक, ‘ऑपरेशन विंटर शील्ड’ के जरिए कारोबार, सरकारी नेटवर्क और जरूरी डिजिटल ढांचे की सुरक्षा मजबूत की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाने वालों को कानून के सामने जवाब देना होगा।

पटेल ने सोशल मीडिया पर कहा कि एफबीआई दुनिया भर में सक्रिय साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि ‘ऑपरेशन विंटर शील्ड’ का मकसद साइबर खतरों की पहचान करना, उनसे निपटने की रणनीति मजबूत करना और महत्वपूर्ण संस्थानों को सुरक्षित रखना है। इस अभियान में अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ मिलकर काम करने पर भी जोर दिया जा रहा है। पटेल ने कहा कि अमेरिका के लोगों को निशाना बनाने वाले अपराधियों तक कानून पहुंचकर रहेगा।

साइबर सुरक्षा नेतृत्व में बदलाव

यह बयान ऐसे समय आया है जब ट्रंप प्रशासन ने राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किए हैं। व्हाइट हाउस ने हाल ही में कर्स्टन ए. डेविस को राष्ट्रीय साइबर निदेशक कार्यालय (ONCD) का कार्यवाहक प्रमुख नियुक्त किया है। उन्होंने सीन कैर्नक्रॉस की जगह ली है, जो अगस्त 2025 से संघीय साइबर सुरक्षा नीति की निगरानी कर रहे थे। सीनेट की मंजूरी मिलने तक डेविस कार्यवाहक प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगी। नियुक्ति के बाद उन्होंने अमेरिका की डिजिटल सुरक्षा मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी उनके चयन का स्वागत किया और इस क्षेत्र में मिलकर काम करने की बात कही।

तकनीकी गड़बड़ियों ने बढ़ाई चिंता

अमेरिका में हाल के हफ्तों में वित्तीय और तकनीकी सेवाओं से जुड़ी कई घटनाएं सामने आई हैं। जेपीमॉर्गन चेज में सॉफ्टवेयर की गड़बड़ी से लेनदेन प्रभावित हुए। इससे पहले फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) को देशभर में ग्राउंड स्टॉप लागू करना पड़ा था। माइक्रोसॉफ्ट की ईमेल सेवा में वैश्विक आउटरेज हुआ, जबकि क्रिप्टो एक्सचेंज बाइनेंस पर बड़े साइबर हमले की खबर भी आई। ऐसी सेवाओं में तकनीकी खराबी या साइबर हमला आम लोगों और बड़े संस्थानों, दोनों को प्रभावित कर सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here