नई दिल्ली: संगठित अपराध और रंगदारी के नेटवर्क पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ा प्रहार किया है। स्पेशल सेल की नई दिल्ली रेंज की टीम ने दो कुख्यात शूटरों विकास ठाकुर उर्फ विक्की और दीप उर्फ दीपक सिंह को गिरफ्तार कर तीन बड़ी आपराधिक साजिशों को नाकाम करने का दावा किया है। आरोपियों के निशाने पर दिल्ली का एक कारोबारी और बॉलीवुड का मशहूर अभिनेता था। वहीं, गिरफ्तार दीपक सिंह पंजाब के अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की चर्चित हत्या के मामले में भी वांछित था।
स्पेशल सेल डीसीपी नारा चैतन्य ने बताया कि विदेशी ठिकाने से गिरोह चला रहे एक गैंगस्टर के इशारे पर विकास ठाकुर दिल्ली के कारोबारी पर रंगदारी के लिए गोली चलाने पहुंचा था। स्पेशल सेल ने वारदात से पहले ही उसे दबोच लिया। उससे मिली खुफिया जानकारी और त्वरित कार्रवाई के आधार पर मुंबई में छिपे दीपक सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दीपक पर बॉलीवुड अभिनेता पर हमले की साजिश में शामिल होने का आरोप है।
गैंगस्टरों के लिए करता था काम
जालंधर निवासी विकास ठाकुर का आपराधिक सफर वर्ष 2019 में झपटमारी की घटना से शुरू हुआ। पुलिस के अनुसार, वह पहले अनमोल बिश्नोई और बाद में अनिल पंडित व रंदीप मलिक के लिए हथियारों की व्यवस्था, नए सदस्यों की भर्ती और ठिकानों की रेकी करता था। बाद में वह अलग-अलग गिरोहों के लिए सुपारी लेकर काम करने लगा।
मैड संधू हत्याकांड से जुड़ा तार
तरनतारन निवासी दीपक सिंह पहले ट्रक चालक और हेल्पर था। पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को उसने साथी पलविंदर उर्फ काका के साथ अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या को अंजाम दिया था। वारदात के बाद वह मुंबई में छिपा हुआ था।इस पूरी कार्रवाई को इंस्पेक्टर पंकज चौहान और इंस्पेक्टर सुरेश चंद चौधरी के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। एसीपी विवेक त्यागी की निगरानी में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की। विकास की गिरफ्तारी के बाद स्पेशल सेल थाने में आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर संख्या 261/2026 दर्ज की गई है।
Reported By: Pankaj Rai












