रतिया: उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने बुधवार को रतिया अनाज मंडी का निरीक्षण कर धान खरीद, उठान (लिफ्टिंग) तथा मंडी में किसानों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मंडी में धान की आवक, खरीद प्रक्रिया, गेट पास जारी करने, फसल के उठान तथा अन्य व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मंडी में खरीदे गए धान का उठान निर्धारित समय पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि मंडी में फसल का अनावश्यक जमाव न हो और किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
धान उठान प्रक्रिया में तेजी लाने और तालमेल के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मंडी में धान की आवक और खरीद की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद एजेंसियों, मार्केट कमेटी तथा उठान से जुड़े अन्य विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि धान उठान की प्रक्रिया में तेजी लाना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यक वाहनों की उपलब्धता, परिवहन व्यवस्था और उठान से संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी की जाए, ताकि खरीदी गई फसल का समय पर उठान हो सके।
गेट पास जारी करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुगमता पर जोर
उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने मंडी में गेट पास जारी करने की प्रक्रिया की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि किसानों की फसल की आवक दर्ज करने, गेट पास जारी करने और खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए क्या व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि गेट पास सहित सभी संबंधित प्रक्रियाओं को नियमानुसार और पारदर्शी ढंग से पूरा किया जाए। किसानों को अपनी फसल मंडी में लाने, गेट पास बनवाने और खरीद प्रक्रिया के दौरान अनावश्यक इंतजार न करना पड़े, इसके लिए अधिकारी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें।
किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान
उन्होंने कहा कि मंडी में खरीद कार्य से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं। किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उनका शीघ्र समाधान किया जाए। यदि खरीद, गेट पास, परिवहन या उठान से संबंधित कोई समस्या सामने आती है तो उसका समय रहते समाधान किया जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया निर्बाध रूप से चलती रहे।
ग्रामीण मंडियों की निगरानी और समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश
जिला उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे गांव की भी मंडीयों में चल रहे कार्यों की निरंतर निगरानी करें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे करवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की सुविधा, फसल की सुचारू खरीद और खरीदे गए धान का समय पर उठान सुनिश्चित करने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इस मौके पर एसडीएम सुरेन्द्र सिंह, मार्केट कमेटी सचिव ओमप्रकाश चहल, उपनिदेशक एवं जिला सूचना जनसंपर्क अधिकारी अमित पंवार, मार्केट कमेटी प्रधान राजकुमार मेहता, वाइस प्रधान कुलवंत सिंह, व्यापार मंडल प्रधान दर्शन गर्ग, हेफेड प्रचेजर अनीता राठी, संदीप सिंह, नरेश धुन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें।
Reported By: Rimpi Jindal












