‘किन्नर’ बनकर घर में घुसा, पति को ठीक करने का दिया झांसा और फिर एयरहोस्टेस के साथ की दरिंदगी

0
6
Mumbai Air Hostess Physical Assaulted
Ai generated

मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में 25 वर्षीय एयरहोस्टेस के साथ कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खुद को किन्नर बताकर महिला के घर में प्रवेश किया और उसके बीमार पति को ठीक करने का झांसा देकर वारदात को अंजाम दिया. शिकायत मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

पति को ठीक करने का दिया झांसा

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 28 वर्षीय अनिल शिंदे के तौर पर हुई है. घटना मंगलवार दोपहर करीब 12:20 से 12:50 बजे के बीच की बताई जा रही है. आरोपी कथित तौर पर किन्नर के वेश में इमारत में पहुंचा और सुरक्षा गार्ड को विश्वास में लेकर अंदर दाखिल हुआ.

वह कई घरों के दरवाजे खटखटाता हुआ तीसरी मंजिल तक पहुंचा. यहां एयरहोस्टेस ने दरवाजा खोला तो आरोपी ने दावा किया कि वह बुरी नजर का असर दूर कर सकता है. उसने महिला के अस्पताल में भर्ती पति को ठीक करने की बात भी कही.

पानी छिड़ककर महिला के साथ की दरिंदगी

महिला की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने उसके सिर पर हाथ रखा और पानी छिड़का. इसके बाद उसने कथित तौर पर महिला का यौन उत्पीड़न किया. पीड़िता ने शोर मचाने की कोशिश की तो आरोपी वहां से भाग गया. शिकायत में महिला ने बताया कि आरोपी जाते समय उससे 200 रुपये भी लेकर गया. पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

100 से ज्यादा CCTV कैमरों से मिला सुराग

पीड़िता ने मंगलवार रात करीब 11 बजे पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की. जांच के दौरान पवई से कलवा तक के रास्ते में लगे 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई. फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की आवाजाही का पता लगाया और कुछ ही घंटों में कलवा की एक झुग्गी से उसे गिरफ्तार कर लिया.

आरोपी से पूछताछ जारी

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और आपराधिक धमकी समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. अधिकारियों के मुताबिक, अंधविश्वास और काले जादू से जुड़े कानूनों के तहत भी कार्रवाई की संभावना है.

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसका परिवार किन्नर बनकर भीख मांगने का काम करता है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या आरोपी पहले भी इसी तरह की किसी वारदात में शामिल रहा है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here