मुंबई: मुंबई के माज़गांव इलाके में गणपति जुलूस के दौरान अंडे फेंके जाने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है. अधिकारियों के मुताबिक, रविवार और सोमवार की दरमियानी रात हुई इस घटना के बाद दो समूहों के बीच विवाद और झड़प की स्थिति बन गई. हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी.
स्थानीय लोगों द्वारा लगाया गया आरोप
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों का आरोप है कि गणपति जुलूस के एक इलाके से गुजरने के दौरान पास की इमारत से कुछ अज्ञात लोगों ने जुलूस की ओर अंडे फेंके. इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झड़प शुरू हो गई. इस दौरान कुछ लोगों ने ‘जय श्री राम’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे भी लगाए.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात संभाले. फिलहाल इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. वहीं अब स्थानीय लोगों और आयोजकों ने मामले में जिम्मेदार लोगों की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है.
पुलिस से की कार्रवाई की मांग
अखिल पब्लिक फेस्टिवल कमेटी के अध्यक्ष हितेश जाधव ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि गणपति के आगमन के दौरान जुलूस पर अंडा फेंका गया, जिसके बाद इलाके में तनाव बढ़ गया. उन्होंने पुलिस से 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करने की मांग की. जाधव के मुताबिक, महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार की ओर से भी मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है.
पहले भी सामने आ चुकी ऐसी घटना
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि इस तरह की घटना पहले भी सामने आ चुकी है. इस दौरान उन्होंने अगस्त 2022 में नागपाड़ा के कमाठीपुरा इलाके में गणेश जुलूस पर अंडे फेंके जाने की घटना का भी जिक्र किया. उस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था और उसके खिलाफ तत्कालीन भारतीय दंड संहिता की धारा 153ए और 295ए के तहत मामला दर्ज किया गया था. वहीं आरोपी को बाद में पुलिस हिरासत में भेज दिया गया था. फिलहाल माज़गांव की ताजा घटना में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और मामले की जांच जारी है.












