नई दिल्ली: इस्लामाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने ऐसा बयान दिया है, जिसने पाकिस्तान के दावों पर ही सवाल खड़ा कर दिए हैं। अपने भाषण में उसने स्वीकार किया कि संसद और पुलवामा हमले से जुड़े संगठन जैश-ए-मोहम्मद के लोग पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के रावलाकोट में मौजूद हैं और वहां संगठन का ढांचा काम कर रहा है।
मध्यस्थता की बात भी कबूली
मसूद ने यह भी माना कि उसने पाकिस्तान सरकार, सुरक्षा एजेंसियों और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में विरोध प्रदर्शन कर रही जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी के बीच मध्यस्थता की थी। उसका कहना था कि मुजफ्फराबाद और रावलाकोट में चल रहे आंदोलन में उसके संगठन के लोग भी शामिल हैं, लेकिन उन्होंने पाकिस्तानी फौज पर कोई हमला नहीं किया।
مجاہدین جیش محمّد کے کمانڈر مسعود الیاس کی پیشکش: ’’میں ضمانت دیتا ہوں، راولاکوٹ چل کر بات سنی جائے، کوئی بدتمیزی نہیں کرے گا۔‘‘* ساتھ مل کر چلیں وہاں کا سفر کریں لوگوں کو قتل ہوتا ہوا نہ دیکھیں انکے گھر اجڑے ہوۓ نہ دیکھیں، ہماری نمائندگی کشمیر و پاکستان میں ختم کر دی گئی ہے،* https://t.co/eMSXQMY8LF
— Fareed Minhas kashmire (@F_kashmire) November 23, 2026
उसने दावा किया कि जैश के हथियारबंद कैडर उसी समुदाय से आते हैं, जो एक्शन कमेटी के प्रदर्शनों में हिस्सा ले रहा है। इस स्थिति को साफ करने के लिए उसने सरकार और एजेंसियों के अधिकारियों से बैठक भी की थी।
पाकिस्तानी सत्ता प्रतिष्ठान पर गंभीर आरोप
अपने भाषण में मसूद ने पाकिस्तानी सत्ता प्रतिष्ठान पर गंभीर आरोप लगाए। उसने कहा कि सत्ता में बैठे कुछ लोगों ने एक्शन कमेटी के नेताओं और रावलाकोट में प्रदर्शन कर रहे लोगों को निशाना बनाने का फैसला कर लिया है। उसने एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और कहा कि वे पाकिस्तान विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों की सही पहचान नहीं कर पा रही हैं।
रेंजर्स कर्मियों की हत्या के मामले पर उसने कहा कि एजेंसियों ने जो नाम दिए, वे सभी लोग धरने पर बैठे हुए हैं। उसका कहना था कि उसका कैडर धरनों में इसलिए है क्योंकि वह उसी इलाके का रहने वाला है। उसने यह भी कहा कि उसका संगठन सिर्फ भारत के खिलाफ जिहाद की बात करता है और कश्मीर में अपने मकसद को कामयाब बनाना चाहता है। गौरतलब है कि अगस्त 2026 में ही यह जानकारी सामने आई थी कि मसूद इलियास कश्मीरी को पाकिस्तान सरकार ने आंदोलनकारियों से बातचीत के लिए मध्यस्थ बनाया है।
निष्क्रिय संगठनों को फिर खड़ा करने की कोशिश
इधर, सुरक्षा एजेंसियों को मिले खुफिया इनपुट के मुताबिक पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई अब निष्क्रिय हो चुके आतंकी संगठनों को फिर से खड़ा करने की कोशिश कर रही है। जम्मू-कश्मीर में कभी सक्रिय रहे 19 संगठनों में से दो संगठन कश्मीर जिहाद फोर्स और तहरीक-ए-जिहाद पूरी तरह बंद हो चुके हैं। आशंका है कि इनके पुराने सदस्यों और स्थानीय नेटवर्क का इस्तेमाल नए लोगों की भर्ती के लिए किया जा सकता है। एजेंसियों का मानना है कि छोटे और बंद हो चुके संगठनों को आगे करके असली संगठन की पहचान छिपाने और जांच को उलझाने की कोशिश हो सकती है।












