PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन पर देशभर में होंगे खास कार्यक्रम, अमित शाह और राजनाथ सिंह निकालेंगे बाइक रैली

0
8
PM Modi 76th Birthday
Pinterest

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की है। पार्टी की ओर से इस दिन को ‘सेवा दिवस’ के तौर पर मनाया जा रहा है। जन्मदिन के साथ प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को भी इन कार्यक्रमों के जरिए रेखांकित किया जाएगा।

अमित शाह और राजनाथ सिंह निकालेंगे बाइक रैली

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मस्थान गुजरात के वडनगर से उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी तक बाइक रैली निकाली जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह वडनगर में इस रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। दूसरी ओर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह वाराणसी से वडनगर जाने वाली बाइक रैली को रवाना करेंगे। इन दोनों कार्यक्रमों में अलग-अलग राज्यों के नेता और भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। वडनगर में अमित शाह के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत कई नेता मौजूद रहेंगे। यहां शर्मिष्ठा झील के किनारे विशेष आरती का कार्यक्रम भी रखा गया है।

दिल्ली में रक्तदान शिविर और सफाई अभियान

भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में रक्तदान शिविर का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा देशभर में स्वच्छता अभियान चलाने की योजना है। पार्टी के मुताबिक, इन कार्यक्रमों को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आगे बढ़ाया जाएगा। यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे जुड़े कई कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे।

700 से ज्यादा जगहों पर जलेंगे ‘आशीर्वाद के दीये’

शाम के समय देश के अलग-अलग हिस्सों में ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाने के कार्यक्रम होंगे। भाजपा के अनुसार, 700 से अधिक स्थानों पर पार्टी नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग इसमें हिस्सा लेंगे। वाराणसी में भी प्रधानमंत्री के जन्मदिन को लेकर बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मध्य प्रदेश में भी नितिन नबीन उज्जैन और इंदौर के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उज्जैन के रामघाट पर ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। अगले दिन वह महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना करेंगे। इस तरह प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपा ने सेवा, स्वच्छता, रक्तदान और धार्मिक कार्यक्रमों को जोड़ते हुए देशभर में कई आयोजन रखे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here