कंस वध की झांकी में धीरेंद्र शास्त्री को कंस दिखाने पर विवाद, मुकदमा दर्ज कराने की मांग

0
4

मथुरा: धर्मनगरी में कंस वध मेले की परंपरागत झांकियां इस बार धार्मिक और सामाजिक विवाद का कारण बन गई हैं। मेले के दौरान निकाली गई एक झांकी में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को कंस के स्वरूप में दिखाए जाने पर विरोध शुरू हो गया है। मामला अब पुलिस प्रशासन तक पहुंच गया है। आचार्य रोहित रिछारिया और बागेश्वर धाम के शिष्टमंडल ने माथुर चतुर्वेद परिषद के पदाधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

झांकी में धीरेंद्र शास्त्री को कंस दिखाने पर आपत्ति

शिकायतकर्ताओं की ओर से पुलिस प्रशासन को सौंपे गए प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि कंस वध मेला 2026 के दौरान निकाली गई झांकी में भगवान श्रीकृष्ण के हाथों पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की पिटाई का दृश्य प्रदर्शित किया गया। उन्हें कंस के रूप में प्रस्तुत किए जाने को शिकायतकर्ताओं ने आपत्तिजनक बताते हुए धार्मिक एवं आध्यात्मिक सम्मान से जुड़ा मामला बताया है। उनका आरोप है कि इस तरह के चित्रण से संत समाज और उनके अनुयायियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। शिकायतकर्ताओं ने इसे सामान्य झांकी का विषय न मानते हुए संबंधित लोगों की जिम्मेदारी तय करने की मांग उठाई है।

माथुर चतुर्वेद परिषद के पदाधिकारी नामजद

प्रार्थना पत्र में माथुर चतुर्वेद परिषद के संरक्षक गिरधारी लाल पाठक, नवीन नागर, दिनेश पाठक, राकेश तिवारी, अध्यक्ष राजन पाठक, महामंत्री संजय चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष नीरज चतुर्वेदी, मंत्री हरदेव चतुर्वेदी और निरीक्षक आशीष चतुर्वेदी समेत अन्य पदाधिकारियों को नामजद किया गया है। आचार्य रोहित रिछारिया एवं संपूर्ण बागेश्वर धाम शिष्टमंडल ने पुलिस से शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करने की मांग की है।

शिकायत पर पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार

कंस वध मेला मथुरा की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा प्रमुख आयोजन है। ऐसे में मेले की झांकी को लेकर उठा विवाद अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिकायत पर जांच और प्रशासन के अगले कदम को लेकर सभी की निगाहें टिकी हैं।

 

Reported By: Prem Kaushik 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here