वृंदावन: मथुरा-वृंदावन मार्ग पर पुराने पेट्रोल पंप के समीप सोमवार दोपहर हाईटेंशन लाइन का अर्थ वायर टूटकर पांच वर्षीय बच्चे पर गिर गया। करंट की चपेट में आने से बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही अचेत हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने आनन-फानन में बच्चे को सौ शय्या अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
अर्थ वायर टूटकर बच्चे पर गिरा, राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया
जानकारी के अनुसार, मथुरा मार्ग पर पुराने पेट्रोल पंप के समीप आयुर्वेदिक दवाखाना संचालित करने वाले अजय कुमार का पांच वर्षीय भांजा प्रिंस पुत्र शिवा अपनी नानी करिश्मा के साथ बाजार जा रहा था। इसी दौरान अचानक हाईटेंशन लाइन का अर्थ वायर टूटकर बच्चे के ऊपर गिर पड़ा। तार की चपेट में आते ही प्रिंस झुलसकर अचेत हो गया। हादसा देख आसपास मौजूद लोग घबरा गए। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी।
विद्युत विभाग ने बताया अर्थ वायर का काम, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
उधर, घटना को लेकर विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी वितरण पंकज कुमार ने बताया कि हाईटेंशन लाइन के ऊपर सुरक्षा की दृष्टि से अर्थ वायर लगाया जाता है। यह 11 या 33 केवी की लाइन के ऊपर लगा तार होता है, जिसका उद्देश्य अर्थिंग को नियंत्रित करना है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत किसी भी असामान्य स्थिति में हाईटेंशन लाइन की आपूर्ति स्वतः ट्रिप हो जाती है। फिलहाल घायल बच्चे का उपचार कराया जा रहा है। हादसे के बाद बिजली के तारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
Reported By: Prem Kaushik












