नोएडा: शहर की सड़कों और गलियों से दोपहिया वाहन गायब करने वाले शातिर चोरों के मंसूबों पर थाना सेक्टर-49 पुलिस ने करारा प्रहार किया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिल, तीन स्कूटी और एक फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गई है। बरामद वाहनों की कुल संख्या 13 है। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की कई वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर-50 नोएडा स्थित बिजलीघर के पास सीवेज टावर के नजदीक चेकिंग और कार्रवाई के दौरान तीन संदिग्धों को दबोचा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित (24), मिथलेश (30) और तीर्थ (19) के रूप में हुई है। इनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जिसके संबंध में थाना सेक्टर-49 में मुकदमा संख्या 394/2026 दर्ज है। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अन्य चोरी के वाहन भी बरामद किए।
रेकी के बाद बनाते थे शिकार
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि तीनों मिलकर गौतमबुद्धनगर के अलावा दूसरे जनपदों और राज्यों में भी मोटरसाइकिल तथा स्कूटी चोरी करते थे। वारदात को अंजाम देने से पहले वाहन की रेकी करते और मौका मिलते ही उसे लेकर फरार हो जाते थे। चोरी किए गए वाहनों को एक सुरक्षित स्थान पर छिपाकर रखते थे। इसके बाद राह चलते लोगों को कम कीमत पर बेचकर मोटी रकम कमाने की कोशिश करते थे।
कई राज्यों के नंबरों वाले वाहन बरामद
पुलिस ने बरामद वाहनों में स्प्लेंडर प्लस, एचएफ डीलक्स, होंडा लीवो, यामाहा एफजेड-16 और होंडा सीबीआर-150 जैसी मोटरसाइकिलों के साथ टीवीएस एनटॉर्क, होंडा एक्टिवा और यामाहा फैसिनो स्कूटी शामिल हैं। एक मोटरसाइकिल बिना नंबर प्लेट के भी मिली है, जिसका चेसिस नंबर पुलिस ने दर्ज किया है। इसके अलावा यूपी-14 की फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुई है।
चार मुकदमों में सामने आए नाम
पुलिस के अनुसार आरोपियों का नाम थाना सेक्टर-49 और सेक्टर-20 में दर्ज वाहन चोरी तथा बरामदगी से संबंधित चार मुकदमों में सामने आया है। इनमें भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 303(2), 317(2), 317(5) और 345(3) शामिल हैं। पुलिस अब बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों और गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने वाहन चोरों के नेटवर्क पर बड़ा शिकंजा कसा है। अब जांच का अगला निशाना चोरी के वाहनों को खरीदने और खपाने वाले संभावित लोग हैं।
Reported By: Pankaj Rai












