नई दिल्ली: कानून के शिकंजे से बचने के लिए ठिकाने बदलना और पुलिस की नजरों से छिपना आखिरकार 27 वर्षीय अमनदीप सिंह को भारी पड़ गया। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने लगातार तकनीकी निगरानी, जमीनी स्तर पर जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से उसे हरियाणा के गुरुग्राम से दबोच लिया। आरोपी निहाल विहार थाने में दर्ज दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर आरोपों के मामले में वांछित था और अदालत उसे पहले ही भगोड़ा घोषित कर चुकी थी।
क्राइम ब्रांच डीसीपी हर्ष इंदौरा ने बताया कि क्राइम की डब्ल्यूआर-द्वितीय यूनिट द्वारका सेक्टर-9 की टीम को 25 नवंबर को गुप्त सूचना मिली कि घोषित भगोड़ा अमनदीप सिंह गुरुग्राम के सेक्टर-30 स्थित डीएलएफ इलाके में कैपजेमिनी कंपनी के आसपास मौजूद है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सतीश मलिक के नेतृत्व में एसआई देवेंद्र सिंह, एसआई हितेश भारद्वाज, एसआई प्रदीप और हेड कांस्टेबल अजय की टीम रवाना की गई। तकनीकी निगरानी की जिम्मेदारी हेड कांस्टेबल आजाद सिंह ने संभाली।
दोपहर करीब 12:10 बजे मुखबिर के इशारे पर पुलिस टीम ने आरोपी को कंपनी के पास घेर लिया। पुलिस को देखकर उसने पहले अपनी पहचान छिपाने और गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन टीम की सतर्कता के आगे उसकी चाल काम नहीं आई। उसे पूछताछ और सत्यापन के लिए क्राइम ब्रांच कार्यालय लाया गया। ई-कोर्ट रिकॉर्ड और निहाल विहार थाने के जांच अधिकारी से पुष्टि के बाद उसकी पहचान घोषित भगोड़े के रूप में हुई।
भाभी ने लगाए थे गंभीर आरोप
पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 में अमनदीप के बड़े भाई की शादी हुई थी। वर्ष 2025 में उसकी भाभी ने अमनदीप पर बार-बार दुष्कर्म, मारपीट और आपराधिक धमकी देने के आरोप लगाए थे। इस संबंध में निहाल विहार थाने में एफआईआर संख्या 24/2025 दर्ज की गई थी। शुरुआत में आरोपी जांच में शामिल हुआ, लेकिन अप्रैल 2025 के बाद जांच अधिकारी के सामने पेश होना बंद कर दिया। इसके बाद वह अपने भाई के साथ विष्णु गार्डन में रहने लगा। अदालत में लगातार गैरहाजिर रहने पर 7 अक्टूबर 2026 को तीस हजारी अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया। मेरठ में जन्मा आरोपी बीकॉम (इकोनॉमिक्स ऑनर्स) का स्नातक है और निजी नौकरी करता है।
Reported By: Pankaj Rai












