प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर धरने पर बैठे लापता किशोर के परिजन, सकुशल बरामदगी की मांग

0
5

वृंदावन: सादाबाद के गांव बारामाई खेड़ा निवासी 17 वर्षीय अनुज चौधरी के लापता होने के मामले में शुक्रवार को परिजनों और ग्रामीणों ने संत प्रेमानंद महाराज के राधाकेली कुंज आश्रम के सामने सड़क पर धरना शुरू कर दिया। परिजन किशोर की सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि आश्रम के शिष्य और साधक उनके सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं। धरने की सूचना पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

तीन जुलाई से लापता है अनुज  

हाथरस जिले के सादाबाद थाना क्षेत्र के गांव बारामाई खेड़ा निवासी राजवीर चौधरी का 17 वर्षीय बेटा अनुज चौधरी तीन जुलाई से लापता है। परिजनों के अनुसार, अनुज ने 26 जून को संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी। इसके बाद तीन जुलाई को वह आश्रम जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों का कहना है कि उन्होंने काफी तलाश की, लेकिन अनुज का कोई पता नहीं चला।

पिता का आश्रम पर आरोप  

अनुज के पिता राजवीर चौधरी का आरोप है कि वह पिछले करीब तीन महीने से लगातार आश्रम के चक्कर लगा रहे हैं। उनका कहना है कि आश्रम के लोगों से बेटे के बारे में जानकारी मांगने पर उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है। इससे परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। परिजनों को आशंका है कि अनुज के साथ कोई अनहोनी न हुई हो। शुक्रवार सुबह अनुज की दादी, मां, चाची और बहनों समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण राधाकेली कुंज आश्रम के सामने पहुंच गए और सड़क पर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने स्पष्ट किया कि जब तक अनुज की सकुशल बरामदगी नहीं होती, वे धरना समाप्त नहीं करेंगे।

पुलिस की समझाइश बेअसर 

धरने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ संदीप सिंह और कोतवाली प्रभारी अश्विनी कुमार ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे। करीब तीन घंटे बाद आश्रम के एक साधक ने भी पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में परिजनों से बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।

आश्रम परिसर का जायजा और धरना जारी 

पुलिस ने परिजनों को आश्रम के अंदर ले जाकर तलाशी कराने का प्रस्ताव भी रखा। इसके बाद सीओ संदीप सिंह ने पुलिसकर्मियों के साथ आश्रम परिसर का जायजा लिया। हालांकि, इसके बावजूद परिजनों का धरना जारी रहा। स्थिति को देखते हुए आश्रम के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और किशोर की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here