मथुरा: गे ऐप के जरिए बातचीत के बहाने 16 वर्षीय किशोर को जाल में फंसाकर अपहरण करने और 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घेराबंदी कर पीछा करते हुए थाना मगोर्रा क्षेत्र में लालपुर नहर पुलिया के पास मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी बरामद हुई है।
बेटे के अपहरण की कॉल पर मांगी 50 हजार की फिरौती
राया थाना क्षेत्र के एक हार्डवेयर कारोबारी का 16 वर्षीय बेटा सोमवार दोपहर करीब एक बजे घर से पिता को खाना देने के लिए निकला था। जब वह दुकान नहीं पहुंचा और काफी देर तक उसका मोबाइल फोन बंद रहा तो परिजन चिंतित हो गए। शाम करीब चार बजे पिता के मोबाइल पर बेटे के व्हाट्सएप से कॉल आई। कॉल करने वाले ने किशोर का अपहरण करने की बात कहते हुए 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी। घबराए पिता ने राया में रहने वाले अपने मित्र के माध्यम से किशोर के खाते में करीब 47 हजार रुपये जमा कराए। इसके बाद व्यापारियों के साथ राया थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और बेटे को सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई।
गे ऐप पर लड़की से दोस्ती, मिलने पहुंचा तो थार सवारों ने किया अपहरण
पुलिस ने किशोर की तलाश शुरू की। शाम करीब छह बजे वह बलदेव रोड स्थित गांव कारब के पास मिल गया। पूछताछ में किशोर ने बताया कि तीन दिन पहले उसने एक गे ऐप डाउनलोड किया था। इसके माध्यम से उसकी एक लड़की से बातचीत शुरू हुई। सोमवार को लड़की ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। पिता का खाना लेकर वह बलदेव रोड पहुंचा, जहां थार सवार तीन युवकों ने उसे गाड़ी में बैठा लिया और अपहरण कर लिया। आरोपियों ने पहले उसका मोबाइल बंद कराया। बाद में मोबाइल चालू कराकर उसके व्हाट्सएप से पिता को कॉल कराई और खाते में फिरौती की रकम जमा करने को कहा।
फिरौती मिलने के बाद किशोर को छोड़कर फरार हुए आरोपी
रकम मिलने के बाद आरोपी किशोर को गांव कारब के पास छोड़कर फरार हो गए। आरोपी उसका मोबाइल फोन अपने साथ ले गए।घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी के निर्देश पर राया पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही थार गाड़ी को ट्रेस किया। सीओ गोवर्धन अनिल कुमार के अनुसार, राया पुलिस ने संदिग्ध वाहन का पीछा किया। कंट्रोल रूम से सूचना प्रसारित होने के बाद जिले के विभिन्न थानों की पुलिस को चेकिंग में लगाया गया। जानकारी मिली कि संदिग्ध गाड़ी राल होते हुए गोवर्धन की ओर तेजी से जा रही है। इस पर जैत पुलिस ने भी पीछा शुरू कर दिया।
बैरियर तोड़कर भागे आरोपी, पुलिस ने नहर के पास की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सौंख में बैरियर तोड़ दिया और सौंख रोड से मथुरा की ओर भागने लगे। मगोर्रा पुलिस ने भी उनका पीछा किया। इसके बाद जैत और राया पुलिस की टीमों ने थाना मगोर्रा क्षेत्र में लालपुर नहर पुलिया के पास बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की। पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपियों ने गाड़ी नहर की पटरी की ओर मोड़ दी। कच्चे रास्ते पर तेज रफ्तार के कारण थार असंतुलित होकर फंस गई। पुलिस के अनुसार, इसके बाद मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया।
मुठभेड़ में दो आरोपी घायल, तमंचे और थार गाड़ी बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रजत निवासी गांव नगला टोटा, थाना मुरसान, जिला हाथरस और मनीष निवासी गांव अल्लेपुर, थाना जमुनापार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे, दो कारतूस और थार गाड़ी बरामद की है। मामले में तीसरे आरोपी की भूमिका और किशोर के मोबाइल फोन के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।
Reported By: Prem Kaushik












