मौसम ने ली करवट, दिल्ली में ठंड से पहले जहरिली हुई हवा, 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट

0
5

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में मौसम ने करवट ले ली है। पहले अर्नब और फिर मुरासु चक्रवात की वजह से कई राज्यों में बारिश हुई। अब उत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां कम हो रही हैं, लेकिन दक्षिण और पूर्वी भारत में अभी भी बारिश जारी है। मौसम विभाग ने 5 नवंबर 2026 के लिए देश के 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में ठंड के साथ प्रदूषण का कहर

दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर थम गया है, लेकिन सुबह-शाम ठंड बढ़ने लगी है। साथ ही प्रदूषण भी लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली के कई इलाकों का AQI गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। कल दिल्ली का आसमान साफ रहेगा, सुबह कुछ इलाकों में धुंध दिख सकती है। अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो दोपहर में 20 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं। बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।

जहांगीरपुरी में AQI 450, IIT दिल्ली में 453, अलीपुर में 422, ITO में 421 और बवाना में 411 दर्ज किया गया। आनंद विहार में 302, अशोक विहार में 348, आया नगर में 382, बुराड़ी में 393 और जेएनयू स्टेडियम में 411 AQI रहा। नोएडा के सेक्टर-62 में AQI 426 तक पहुंच गया, जबकि सेक्टर-150 में 351 और सेक्टर-39 में 321 दर्ज हुआ।

यूपी-बिहार में मौसम रहेगा साफ

उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर खत्म हो गया है और कुछ जिलों में ठंड का अहसास शुरू हो गया है। कल पूर्वी और पश्चिमी यूपी दोनों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी। बिहार में भी कल मौसम शुष्क रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है, मौसम पूरी तरह सामान्य रहेगा।

दक्षिण में भारी बारिश का अलर्ट

चक्रवात मुरासु अब कमजोर हो गया है, लेकिन उसका असर अभी भी दिख रहा है। तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। कुछ जगहों पर आंधी-तूफान की भी संभावना है। पुडुचेरी में भी बारिश होगी। कर्नाटक के तटीय और दक्षिण आंतरिक हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी है। तटीय कर्नाटक में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का भी अलर्ट है। केरल में भी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है।

ओडिशा-छत्तीसगढ़ में भी बारिश

ओडिशा में कहीं-कहीं बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। छत्तीसगढ़ में हल्की या छिटपुट बारिश हो सकती है, वहां भारी बारिश का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है। इसके अलावा तेलंगाना, लक्षद्वीप, अंडमान-निकोबार में मध्यम बारिश और आंध्र प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, अरुणाचल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की बारिश का अनुमान है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here