Weather Alert: IMD ने कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की दी चेतावनी

0
7
weather forecast
Pinterest

नई दिल्ली: मानसून की सक्रियता के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदलने वाला है. दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश सहित 15 राज्यों में आज बारिश, आंधी और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इस दौरान कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में आइए जानते हैं कि आज अलग-अलग राज्यों में मौसम कैसा रहने वाला है.

IMD ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, गुजरात और पंजाब समेत 15 राज्यों में बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है. कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज हवाएं भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है.

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में 10 से 15 सितंबर के बीच मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. IMD के अनुसार, आज यानी 10 सितंबर को राजधानी में मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा. हालांकि, 11 सितंबर से आसमान में बादल छाने लगेंगे. इसके बाद 12 और 13 सितंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है. 14 सितंबर को मौसम फिर साफ हो सकता है, लेकिन 15 सितंबर को एक बार फिर तेज बारिश होने के आसार हैं. दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

उत्तर प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज मौसम खराब रहने की संभावना है. गोरखपुर, बहराइच, गाजीपुर, आजमगढ़, वाराणसी, फुरसतगंज, लखीमपुर खीरी, प्रयागराज, कानपुर, गौतम बुद्ध नगर और जौनपुर में बिजली की तेज गड़गड़ाहट के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. राजधानी लखनऊ में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं. यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम

बिहार के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. गोपालगंज, सिवान, शिवहर, पूर्वी चंपारण, कटिहार, पटना, भोजपुर, बक्सर, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, लखीसराय, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर और मुजफ्फरपुर में तेज बारिश के साथ आंधी की स्थिति बन सकती है. कुछ जगहों पर बिजली गिरने का खतरा भी है. इस दौरान हवाएं करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. पटना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान के मौसम में भी बदलाव जारी रहेगा. जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के अधिकतर हिस्सों में अगले चार दिन मानसून कमजोर रह सकता है. वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले पांच दिनों तक मानसून की गतिविधियां कम रहने की संभावना है. हालांकि अलवर, भरतपुर, डीग, दौसा और करौली में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश हो सकती है. जयपुर में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

मध्य प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम

मध्य प्रदेश में आज कई इलाकों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. भोपाल, इंदौर, देवास, उज्जैन, गुना, खंडवा, पन्ना, श्योपुर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, कटनी, जबलपुर, अशोकनगर और नीमच में तेज बारिश हो सकती है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. भोपाल में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here