समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर में पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बेटे ने फिल्म ‘दृश्यम’ से प्रभावित होकर हत्या की योजना बनाई। करीब 2000 किलोमीटर दूर सूरत से वह गांव पहुंचा, पिता की हत्या की और रात में ही वापस लौट गया। उसे लगा कि पुलिस को कोई सुराग नहीं मिलेगा, लेकिन मोबाइल फोन चालू करने की गलती ने उसका राज खोल दिया। मामला हलई थाना क्षेत्र के दरवा गांव का है। 26 जुलाई की रात रघुवीर सहनी घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान उन पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। उनके सिर पर कई वार किए गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। FSL टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। जांच में पुलिस को शक हुआ कि हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि परिवार के ही किसी सदस्य ने की है।
जमीन विवाद के चलते रची साजिश
जांच के दौरान पुलिस का शक मृतक के बेटे शिव शंकर पर गया। पुलिस के मुताबिक, उसका पिता के साथ जमीन बेचने को लेकर विवाद था। पारिवारिक तनाव के बाद वह अपनी पत्नी के साथ सूरत में रहने लगा था।
पुलिस पूछताछ में शिव शंकर ने कथित तौर पर बताया कि ‘दृश्यम’ देखने के बाद उसने हत्या की योजना बनाई। उसने यात्रा के दौरान मोबाइल बंद रखा और गांव पहुंचकर पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुआ। इसके बाद उसने पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
मोबाइल ऑन करना पड़ा भारी
हत्या के बाद वह पटोरी स्टेशन पहुंचा। वहां उसने कुछ देर के लिए मोबाइल चालू किया और पत्नी से फोन पर बात की। इसके बाद फोन फिर बंद कर दिया। तकनीकी जांच में पुलिस को उसी समय उसकी लोकेशन पटोरी स्टेशन की मिली। करीब 36 घंटे बाद मोबाइल सूरत में एक्टिव हुआ। कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपी को सूरत से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पिता के श्राद्ध में भी उसके शामिल न होने से शक और गहरा हुआ।












