आयकर विभाग की कार्रवाई से सर्राफा बाजार में खलबली, आरएस ज्वेलर्स के प्रतिष्ठान और आवास पर एक साथ कार्रवाई

0
7

वृंदावन: आयकर विभाग की कार्रवाई से वृंदावन के कारोबारियों में दूसरे दिन भी खलबली मची रही। शनिवार दोपहर नोएडा से पहुंची आयकर विभाग की टीम ने सर्राफा बाजार स्थित आरएस ज्वेलर्स के प्रतिष्ठान और संचालक के आवास पर एक साथ जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान तीन सर्राफा कारोबारियों को पूछताछ के लिए अपने साथ अज्ञात स्थान पर ले जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, टीम ने प्रतिष्ठान संचालक के 75 वर्षीय पिता के बयान भी दर्ज किए।

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब एक बजे दो गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे आयकर विभाग के अधिकारियों ने शरद सर्राफ के प्रतिष्ठान और आवास पर एक साथ कार्रवाई शुरू की। टीम ने कारोबारी गतिविधियों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान संचालक शरद सर्राफ और दो अन्य लोगों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाने की चर्चा रही। इसके अलावा ज्वेलरी कारोबार के साथ जमीन के व्यवसाय से जुड़े एक अन्य कारोबारी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी मिली है। समाचार लिखे जाने तक आयकर विभाग की कार्रवाई जारी थी।

गौरतलब है कि पिछले 40 घंटे से अधिक समय से आयकर विभाग की कई टीमें मथुरा-वृंदावन के अलग-अलग इलाकों में कारोबारियों के प्रतिष्ठानों और आवासों पर वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही हैं। शुक्रवार को नगर के दो स्थानों पर कार्रवाई के बाद शनिवार को टीमों ने सर्राफा बाजार का रुख किया। लगातार दूसरे दिन जारी इस कार्रवाई से सर्राफा कारोबारियों सहित अन्य व्यापारियों में भी बेचैनी का माहौल बना हुआ है। हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अभी तक कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here