नई दिल्ली: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी की मांग को लेकर रविवार को उनके गृह जिले गोपालगंज में हिंसक प्रदर्शन हुआ। अवामी लीग के समर्थक सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बख्तरबंद गाड़ी में आग लगा दी, पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की और बैरिकेड हटाकर रास्ते जाम कर दिए। उन्होंने हसीना की सरकार गिरने की याद में बनाया गया स्मारक भी ढहा दिया।
प्रदर्शन में लोग धारदार हथियारों और लाठियों के साथ पहुंचे। अवामी लीग के गोपालगंज जिला नेता इलियास हक ने कहा कि शेख हसीना की वापसी तक आंदोलन जारी रहेगा।
दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की चर्चा
गोपालगंज में हिंसा ऐसे समय हुई है, जब हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है। अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से हटाए जाने के बाद से वह भारत में रह रही हैं। उनका कहना है कि वह स्वदेश लौटकर कानूनी प्रक्रिया का सामना करना चाहती हैं। नवंबर 2025 में बांग्लादेश की एक अदालत ने प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई से जुड़े मामले में मानवता के खिलाफ अपराधों के लिए उन्हें उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी। हसीना ने आरोपों और सुनवाई की प्रक्रिया को खारिज किया है।
भारत से प्रत्यर्पण की मांग कर रहा बांग्लादेश
बांग्लादेश सरकार हसीना को भारत से वापस लाने के लिए प्रत्यर्पण चाहती है। कानून मंत्री एमडी असदुज्जमान ने शनिवार को कहा था कि उन्हें वापस लाने की कानूनी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब फैसला भारत को करना है। भारत ने प्रत्यर्पण अनुरोध मिलने की पुष्टि की है, लेकिन अंतिम फैसला सार्वजनिक नहीं किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को कहा था कि यह कानूनी मामला है और इससे जुड़े पहलुओं पर उसी के अनुसार विचार होगा।
BNP दफ्तरों में आग के बाद बढ़ा तनाव
प्रदर्शन से एक रात पहले अज्ञात लोगों ने हसीना के जन्मस्थान तुंगीपारा में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के दो कार्यालयों में आग लगा दी थी। इससे तनाव और बढ़ा। सरकार ने गोपालगंज के डिप्टी कमिश्नर और पुलिस अधीक्षक को पद से हटा दिया। कानून-व्यवस्था के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की गई हैं। प्रधानमंत्री तारिक रहमान की अध्यक्षता में रविवार को हुई कैबिनेट बैठक में भी हालात पर चर्चा हुई। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी के मुताबिक, सरकार स्थिति पर नजर रख रही है और जरूरत पड़ने पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई जा सकती है।











