नई दिल्ली: राजधानी के सबसे व्यस्त कारोबारी इलाकों में शुमार चांदनी चौक में रात के अंधेरे में हुई चोरी की वारदात का उत्तरी जिला पुलिस ने महज चार दिनों में पर्दाफाश कर दिया। कोतवाली थाना पुलिस ने शातिराना अंदाज में दुकान में घुसकर चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहली मंजिल पर स्थित दुकान तक पहुंचने के लिए पेड़ का सहारा लिया और शटर व ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का एक लहंगा, आठ हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल लोहे की छड़ें बरामद की हैं।
उत्तरी जिला डीसीपी निहारिका भट्ट ने बताया कि नौ नवंबर को अनिल कुमार ने शिकायत दी थी कि कटरा जज्जर स्थित लेहंगा बाजार, मुख्य चांदनी चौक रोड की पहली मंजिल पर उनकी दुकान से करीब 1.27 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए गए हैं। वारदात रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच हुई थी। चोर शटर और ताले तोड़कर दुकान में दाखिल हुए थे। मामले में कोतवाली थाने में ई-एफआईआर संख्या 80096771/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305/331(4) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी ने खोला राज, चार आरोपी गिरफ्तार
वारदात की गंभीरता और चोरों के अनोखे तरीके को देखते हुए एसएचओ इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआई सतीश, चौकी प्रभारी लाल किला, एसआई शुभम, कांस्टेबल विपुल, कुलदीप, दीपक और निशांत को शामिल किया गया। एसीपी कोतवाली अमनदीप कौर की निगरानी में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में पांच संदिग्धों की भूमिका सामने आई। इसके बाद तकनीकी जांच, मुखबिरों से मिली सूचनाओं और लगातार दबिश के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। 14 नवंबर को पुलिस ने तीन आरोपियों को छतरपुर, दिल्ली और एक को गुरुग्राम, हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नेपाल के नागरिक हैं और कई वर्षों से दिल्ली-एनसीआर में किराये पर रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, नशे और शराब की लत पूरी करने के लिए उन्होंने चोरी का रास्ता अपनाया था।
पुराना अपराधी भी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में ज्ञानेंद्र उर्फ घिनु बहादुर का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह वर्ष 2011 से दिल्ली के अलग-अलग थानों में दर्ज चोरी के चार मामलों में पहले भी शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपियों से एक चोरी का लहंगा, आठ हजार रुपये नकद और लोहे की छड़ें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेर बहादुर (51), नरेंद्र (35), ज्ञानेंद्र उर्फ घिनु बहादुर (35) और भीम बहादुर (32) के रूप में हुई है। पुलिस मामले में पांचवें संदिग्ध की भूमिका सहित अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Reported By: Pankaj Rai











