भारत की कम ब्याज दरों का ट्रंप ने दिया उदाहरण, अमेरिका की GDP को लेकर कही बड़ी बात

0
1

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की कम ब्याज दरों और आर्थिक वृद्धि का उदाहरण देते हुए अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतियों पर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि भारत करीब 7 फीसदी की दर से विकास कर रहा है, जबकि अमेरिका में ब्याज दरें कम रखी जाएं तो उसकी आर्थिक वृद्धि 15 से 20 फीसदी तक पहुंच सकती है। ट्रंप ने यह बात एशिया दौरे से लौटने के बाद अपनी पहली सार्वजनिक टिप्पणी में कही।

ट्रंप ने अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की आलोचना करते हुए कहा कि वहां ब्याज दरों को लेकर राजनीतिक सोच हावी है। उनके मुताबिक, अर्थव्यवस्था के मजबूत आंकड़े आने के बावजूद कर्ज लेना महंगा बना हुआ है। उन्होंने ब्याज दरों को जरूरत से ज्यादा बताते हुए फेड के रवैये को जिम्मेदार ठहराया। ट्रंप ने कहा, “ब्याज दरें बहुत ज्यादा हैं क्योंकि हमारे पास एक बेहद पॉलिटिकल फेड है। वैसे मैं चेयरमैन को ब्लेम नहीं कर रहा हूं, मैं इस बात को ब्लेम कर रहा हूं कि हमारा फेड बहुत पॉलिटिकल है।” उनका तर्क है कि आर्थिक संकेतक बेहतर हों तो केंद्रीय बैंक को दरें बढ़ाने के बजाय कम करनी चाहिए।

एलन ग्रीनस्पैन की नीति का किया जिक्र

ट्रंप ने फेडरल रिजर्व के पूर्व चेयरमैन एलन ग्रीनस्पैन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि ग्रीनस्पैन अच्छे आर्थिक आंकड़े आने पर ब्याज दरों में कटौती करते थे। ट्रंप के मुताबिक, मजबूत आर्थिक प्रदर्शन के साथ कम दरों पर कर्ज मिलना चाहिए, लेकिन मौजूदा व्यवस्था में इसका उलटा हो रहा है। ट्रंप ने दावा किया कि अगर फेड उनकी पसंद के मुताबिक मौद्रिक नीति अपनाए, तो अमेरिकी अर्थव्यवस्था की रफ्तार बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि अमेरिका की जीडीपी वृद्धि 4 फीसदी के बजाय 15 या 20 फीसदी तक पहुंच सकती है। उनका यह भी कहना था कि तेज आर्थिक विकास से वह देश का कर्ज तेजी से चुका सकेंगे।

भारत की कम ब्याज दरों का दिया उदाहरण

ट्रंप ने भारत का जिक्र करते हुए कहा कि यहां ब्याज दरें कम हैं और अर्थव्यवस्था करीब 7 फीसदी की दर से बढ़ रही है। ट्रंप के अनुसार, अगर अमेरिका भी कम ब्याज दरों के साथ आगे बढ़े, तो उसकी विकास दर 14, 15 या यहां तक कि 20 फीसदी हो सकती है। हालांकि, ये आंकड़े ट्रंप के अपने दावे हैं। उन्होंने इस संभावित वृद्धि के समर्थन में कोई विस्तृत आर्थिक गणना या समयसीमा नहीं बताई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here