रोशनी के पर्व पर जवानों के नाम एक दीप, सफाई कर्मियों के सम्मान में मुख्यमंत्री का संदेश

0
7

नई दिल्ली: रोशनी का त्योहार केवल घरों को जगमगाने का नहीं, बल्कि उन चेहरों को याद करने का भी अवसर है, जिनकी मेहनत और समर्पण से हमारी जिंदगी खुशहाल और सुरक्षित रहती है। इसी भावनात्मक संदेश के साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि इस दीपावली अपने घरों में एक दीप देश के वीर सैनिकों, सुरक्षा जवानों और पुलिसकर्मियों के नाम भी अवश्य जलाएं।

सीमाओं पर पहरा देते वीर सैनिकों के प्रति सम्मान 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देशवासी अपने परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां मनाते हैं, उस समय हजारों सैनिक सीमाओं पर मुस्तैदी से पहरा देते हैं। उनकी सतर्कता, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा के कारण ही हम सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना पाते हैं। त्योहारों पर भी अपने परिवारों से दूर रहकर देश की रक्षा करने वाले इन वीरों के प्रति सम्मान प्रकट करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उनके नाम पर जलने वाला एक दीप कृतज्ञता और देशभक्ति की भावना का प्रतीक बनेगा।

सफाई कर्मियों को राजधानी के असली कर्मवीर बताया  

मुख्यमंत्री ने दिल्ली के सफाई कर्मियों को भी राजधानी के असली कर्मवीरों की संज्ञा देते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि जब पूरा शहर दीपावली की रोशनी और उत्सव में सराबोर रहता है, तब सफाई कर्मचारी दिल्ली की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में जुटे रहते हैं। उनकी मेहनत के बिना राजधानी की सुंदरता अधूरी है। ऐसे कर्मठ कर्मचारियों का सम्मान करना और उनके प्रति आभार जताना हम सभी की जिम्मेदारी है।

भाईचारा, एकता और सकारात्मक संदेश 

रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की दीपावली आपसी भाईचारे, सांस्कृतिक विविधता और एकता का अनुपम उदाहरण है। यहां अलग-अलग राज्यों और संस्कृतियों के लोग मिलकर प्रेम और उल्लास के साथ यह पर्व मनाते हैं। अंत में मुख्यमंत्री ने कामना की कि दीपावली का प्रकाश हर घर से अंधकार मिटाए और समाज में प्रेम सहयोग, सद्भाव तथा सकारात्मकता का संचार करे। उन्होंने संदेश दिया कि इस बार दीप केवल घरों को नहीं, बल्कि देश के रक्षकों और राजधानी के कर्मवीरों के सम्मान को भी रोशन करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here