लखनऊ: राजधानी लखनऊ का पॉश इलाका गोमतीनगर गुरुवार दोपहर अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। मिठाईवाला चौराहे पर दिनदहाड़े एक सिरफिरे पति ने पहले अपनी बैंक कर्मी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर वहां से भागकर अपनी डिप्रेशन से पीड़ित बहन की जान ले ली। दो मासूम महिलाओं की हत्या करने के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मारकर जीवनलीला समाप्त कर ली। महज कुछ ही घंटों के भीतर एक ही परिवार से जुड़ी तीन मौतों की इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। बहन को मौत के घाट उतारने के तुरंत बाद मानस ने पिस्तौल से खुद को भी उड़ा लिया।
लखनऊ में खूनी वारदात
दोपहर करीब 12 बजे मानस बैंक के बाहर घात लगाकर बैठा था। जैसे ही दिव्या बाहर आईं, उसने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। खून से लथपथ दिव्या को लहूलुहान हालत में पास के लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस खौफनाक कत्ल को अंजाम देने के बाद आरोपी भागकर महज एक किलोमीटर दूर हुसड़िया चौराहे पर पहुंचा। वहां उसने मानसिक रूप से अस्वस्थ अपनी बहन तूलिका को गोली मार दी।
पारिवारिक कलह और वाट्सऐप स्टेटस का खूनी अंत
मिली जानकारी के मुताबिक, एसबीआई कर्मचारी मानस बाजपेई का अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा से लंबे समय से विवाद चल रहा था। दिव्या आईसीआईसीआई बैंक की मिठाईवाला चौराहा शाखा में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर तैनात थीं और मशहूर यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं।
आपसी अनबन के चलते दिव्या ने एक साल पहले कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी और आलमबाग में अलग रह रही थीं। वहीं मानस हुसड़िया चौराहे के पास किराए के मकान में अपनी बहन तूलिका के साथ रहता था, जो मानसिक तनाव से जूझ रही थी। वारदात को अंजाम देने से ठीक पहले मानस ने अपने वाट्सऐप पर एक खौफनाक स्टेटस लगाया था, जिसमें उसने साफ लिखा था कि वह आत्महत्या करने जा रहा है।
शहर में पसरा सन्नाटा
एक ही दिन में तीन मौतों की खबर फैलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस के आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम जब तक बैंक के बाहर तफ्तीश में जुटी थी, तब तक उन्हें मानस द्वारा बहन की हत्या और खुदकुशी की दूसरी सूचना मिल गई। मानस के माता-पिता का पहले ही देहांत हो चुका था और अब इस दुखद घटना के बाद परिवार का कोई चिराग नहीं बचा। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के साथ मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है। वारदात को अंजाम देने से ठीक पहले मानस ने अपने वाट्सऐप पर एक खौफनाक स्टेटस लगाया था, जिसमें उसने साफ लिखा था कि वह आत्महत्या करने जा रहा है।












