चीन में बड़ा हादसा, अवैध खनन स्थल ढहा, 5 लोगों की हुई मौत

0
14
China mining collapse
China mining collapse

नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम चीन के युन्नान प्रांत में रविवार सुबह एक अवैध खनन स्थल पर बड़ा हादसा हो गया, जहां खदान के अचानक ढह जाने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की खबर है. बता दें, हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बचाव अभियान तुरंत शुरू कर दिया गया. 

कब हुआ हादसा 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह दुर्घटना युन्नान प्रांत के हुइजे काउंटी स्थित बाइवू गांव में सुबह करीब 4:30 बजे हुई. बताया जा रहा है कि खनन कार्य के दौरान अचानक जमीन धंस गई, जिससे वहां मौजूद कई लोग मलबे के नीचे दब गए. हालांकि अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि खदान किस प्रकार के खनिज के लिए संचालित की जा रही थी. 

जानकारी के अनुसार, हादसे के समय कुल छह लोग अंदर फंस गए थे और सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, राहत एवं बचाव दल और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंची है और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. हालांकि कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी फंसे लोगों को बाहर निकाला गया है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. 

5 लोगों की गई जान 

खबर है, अस्पताल में इलाज के दौरान पांच लोगों ने दम तोड़ दिया. वहीं एक घायल व्यक्ति का उपचार जारी है. डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है और उस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि खदान में सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं. इसके साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि अवैध रूप से संचालित हो रही खदान को लेकर पहले कोई शिकायत या चेतावनी मिली थी या नहीं.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल 

बता दें, लगभग एक सप्ताह पहले उत्तरी चीन के शानक्सी प्रांत में भी एक कोयला खदान में हुए विस्फोट में 82 लोगों की मौत हो गई थी. उस मामले में भी अधिकारियों ने खदान संचालकों पर कानून और सुरक्षा नियमों के गंभीर उल्लंघन का आरोप लगाया था. वहीं अब एक बार फिर ऐसी ही घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here