उत्तर-पूर्वी दिल्ली में अपराधियों पर पुलिस का ट्रिपल अटैक, सट्टेबाज से लेकर लुटेरी गैंग तक शिकंजा

0
6

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली में अपराध और गैरकानूनी कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक साथ तीन मोर्चों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बदमाशों और अवैध धंधेबाजों पर शिकंजा कस दिया। कहीं पार्क में बैठकर सट्टे का खेल खेला जा रहा था तो कहीं राहगीर को अपने जाल में फंसाकर लूटने वाला गिरोह सक्रिय था। वहीं, त्योहारों के दौरान प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री का कारोबार भी जारी था। दिल्ली पुलिस की अलग-अलग टीमों ने इन तीनों मामलों में कार्रवाई करते हुए एक सट्टेबाज, लूटकांड में शामिल एक युवती और अवैध पटाखे बेचने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुल 91.910 किलोग्राम अवैध पटाखे, 32 हजार रुपये नकद और ताश के 52 पत्ते बरामद किए हैं।

पार्क में सट्टे की महफिल पर पुलिस का छापा, 32 हजार रुपये बरामद

पहली कार्रवाई थाना नंद नगरी इलाके में हुई। छह नवंबर 2026 को शाम करीब 7:20 बजे कांस्टेबल संजय सिंह इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान जिला पार्क, नंद नगरी में कुछ लोगों द्वारा सट्टा खेलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कांस्टेबल ने बिना समय गंवाए पार्क की ओर रुख किया। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन संजय सिंह ने पीछा कर एक आरोपी को दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान शाहरुख (30), पुत्र हारुन, निवासी ई-2 ब्लॉक, नंद नगरी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 32 हजार रुपये नकद और ताश के 52 पत्ते बरामद हुए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी इसी तरह के दो मामलों में शामिल रह चुका है। इस संबंध में थाना नंद नगरी में एफआईआर नंबर 646/26, जुआ अधिनियम की धारा 12/9/55 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच हेड कांस्टेबल जितेंद्र को सौंपी गई है।

बातों में उलझाया, सुनसान जगह ले जाकर लूटा; युवती गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई थाना ज्योति नगर पुलिस ने की। यहां एक युवती ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर एक राहगीर को कथित तौर पर लूट का शिकार बनाया था। शिकायतकर्ता कल्लाकुद्दीन (42), निवासी अशोक नगर, 31 अक्टूबर को शाम करीब 4:15 बजे गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन से सदर बाजार की ओर जा रहे थे। रास्ते में लोनी गोल चक्कर के पास उनकी मुलाकात एक युवती से हुई। बातचीत के बहाने युवती उन्हें अंबेडकर कॉलेज के पास एक नर्सरी की ओर ले गई।

आरोप है कि वहां पहले से मौजूद युवती के दो साथियों ने उन्हें घेर लिया। एक युवक ने उनके दोनों हाथ पकड़ लिए, जबकि युवती ने उन्हें लात मारकर जमीन पर गिरा दिया। इसी दौरान दूसरे युवक ने उनकी जेब से 13 हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर थाना ज्योति नगर में एफआईआर नंबर 491/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान थाना प्रभारी ज्योति नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार प्रयास कर छह नवंबर को मुख्य आरोपी युवती अंजलि उर्फ फूला (24), निवासी गंगा विहार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार करते हुए अपने साथियों की संलिप्तता का खुलासा किया। पुलिस जांच में उसका एक अन्य आपराधिक मामला भी सामने आया है, जो थाना गोकुलपुरी में दर्ज है। पुलिस अब फरार दोनों साथियों की तलाश में दबिश दे रही है।

पटाखों के अवैध कारोबार पर पांच जगह एक साथ प्रहार, 91.910 किलो माल जब्त

तीसरी और बड़ी कार्रवाई अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ की गई। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने छह नवंबर को थाना ज्योति नगर, शास्त्री पार्क और दयालपुर क्षेत्र में पांच अलग-अलग अभियान चलाकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से करीब 91.910 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए गए। थाना ज्योति नगर पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में तीन आरोपियों को दबोचा। पहली कार्रवाई में हेड कांस्टेबल आकाश और कांस्टेबल राजदीप की टीम ने अशोक नगर मार्केट के हनुमान फाटक के पास से सुनय कुमार (42) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 26 किलोग्राम पटाखे मिले जिनमें स्काई शॉट्स, बुलेट बम और चकरी शामिल थीं। आरोपी वैध लाइसेंस नहीं दिखा सका। क्यूआर कोड की जांच में पटाखे प्रमाणित हरित पटाखे भी नहीं पाए गए। इस मामले में एफआईआर नंबर 503/26 दर्ज की गई।

दूसरी कार्रवाई में हेड कांस्टेबल अरविंद और कांस्टेबल राजदीप ने अशोक नगर के फाटक रोड स्थित डी-ब्लॉक, गली नंबर तीन, हनुमान मंदिर के पास से अतुल (20) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 13 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद हुए। इस संबंध में एफआईआर नंबर 504/26 दर्ज की गई। तीसरी कार्रवाई में हेड कांस्टेबल दीपक ने अमर कॉलोनी के मंगल बाजार के पास से खेमचंद (54) को पकड़ा। उसके पास से 22 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए गए। इस मामले में एफआईआर नंबर 505/26 दर्ज की गई।

वहीं, थाना शास्त्री पार्क पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दुर्गा मंदिर रोड स्थित जीबीएसएस स्कूल के पास छापा मारकर अवधेश (50) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से प्लास्टिक के दो बोरों में रखे 20.360 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद हुए। इस संबंध में एफआईआर नंबर 362/26 दर्ज की गई। पांचवीं कार्रवाई थाना दयालपुर क्षेत्र में हुई। हेड कांस्टेबल हरबीर राठी और कांस्टेबल शुभम इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान नेहरू विहार में मंदिर के पास मुख्य करावल नगर रोड पर बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहे यासीन (40) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 10.550 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद हुए। इस संबंध में एफआईआर नंबर 532/26 दर्ज की गई।

तीनों थानों की कार्रवाई में बरामदगी का ब्योरा

– थाना ज्योति नगर: 61 किलोग्राम पटाखे, तीन आरोपी गिरफ्तार।
– थाना शास्त्री पार्क: 20.360 किलोग्राम पटाखे, एक आरोपी गिरफ्तार।
– थाना दयालपुर: 10.550 किलोग्राम पटाखे, एक आरोपी गिरफ्तार।
– कुल: 91.910 किलोग्राम अवैध पटाखे और पांच आरोपी गिरफ्तार।।पुलिस के अनुसार पांचों आरोपी पटाखों की बिक्री के लिए वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में इनके खिलाफ कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला।

पुलिस का साफ संदेश—अपराध का खेल अब नहीं चलेगा

उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस की इन तीनों कार्रवाइयों ने साफ कर दिया है कि राजधानी में सट्टेबाजी, लूटपाट और अवैध पटाखों के कारोबार को लेकर पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है। एक ओर गश्त के दौरान सतर्कता दिखाकर सट्टेबाज को पकड़ा गया, दूसरी ओर तकनीकी और जमीनी जांच के जरिए लूटकांड में शामिल युवती तक पुलिस पहुंची। वहीं, पांच अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अवैध पटाखों के कारोबार पर चोट की गई। तीनों मामलों में पुलिस की आगे की जांच जारी है। लूटकांड में फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है, जबकि अन्य मामलों में भी बरामदगी और आरोपियों की भूमिका से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here