नई दिल्ली: दुबई से इजराइल जा रहे एक यात्री विमान में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कॉकपिट में दो पायलट आपस में भिड़ गए। वहीं इस दौरान हालात इतने बिगड़ गए कि विमान को सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी और इजराइल को अपने लड़ाकू विमान तक हवा में उतारने पड़े। बता दें, यह घटना फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 के साथ हुई, जो दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट जा रही थी।
विमान में कितने यात्री थे सवार
बोइंग 737 मैक्स 8 विमान में करीब 180 इजरायली यात्री सवार थे। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही विमान ने पहले इमरजेंसी कोड 7700 भेजा, जो सामान्य आपात स्थिति का संकेत है। लेकिन कुछ ही मिनटों में कोड बदलकर 7500 कर दिया गया, जो अपहरण या गैरकानूनी दखल का अंतरराष्ट्रीय कोड होता है।
इजराइल में जारी हुआ हाई अलर्ट
कोड मिलते ही इजराइल में हाई अलर्ट जारी हो गया। इजरायली एयरफोर्स ने तुरंत फाइटर जेट्स को रवाना कर दिया क्योंकि आशंका थी कि विमान हाईजैक हो गया है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू खुद इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए थे। उनके कार्यालय ने बयान जारी कर कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और यात्रियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए सभी कदम उठाए जा रहे हैं।
बाद में इजरायली मीडिया और सुरक्षा अधिकारियों ने जो जानकारी दी, उसने सबको हैरान कर दिया। जेरूसलम पोस्ट के मुताबिक, अपहरण जैसी कोई बात नहीं थी, बल्कि कॉकपिट में दो पायलटों के बीच हिंसक झड़प हुई थी।
विमान के अंदर क्या थी स्थिति
विमान में मौजूद यात्रियों ने बताया कि उड़ान के दौरान कॉकपिट से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आई। जब दरवाजा खोला गया तो अंदर खून फैला हुआ था। दावा है कि एक पायलट ने दूसरे पर फोल्डिंग चाकू से हमला कर दिया था। वहींं केबिन क्रू और कुछ यात्रियों ने मिलकर हमलावर पायलट को काबू किया। इस झगड़े के बीच विमान सिर्फ दो मिनट में 34,000 फीट से 17,000 फीट नीचे आ गया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। एक यात्री मिरियम ने बताया कि एक पल के लिए लगा कि अब विमान क्रैश हो जाएगा।
पायलट ने की आत्महत्या करने की कोशिश
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि एक पायलट ने आत्महत्या करने की कोशिश में विमान को गिराने का प्रयास किया। हालांकि इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया, जो एक सैन्य और नागरिक अड्डा है। वहीं सभी यात्री सुरक्षित हैं।












