नई दिल्ली: दिवाली से ठीक पहले गाजियाबाद से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर ला दिया है। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात अचानक धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में एक डिलीवरी बॉय घायल हो गया, जबकि चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए।
कितने बजे हुआ धमाका
जानकारी के मुताबिक, धमाका रात करीब 9 बजे हुआ। उस वक्त चौकी के अंदर पुलिसकर्मी मौजूद थे, लेकिन गनीमत रही कि किसी जवान को चोट नहीं आई। धमाके से उड़े कांच का एक टुकड़ा पास से गुजर रहे डिलीवरी बॉय के सिर में लग गया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक अब उसकी हालत पूरी तरह ठीक है।
Panic in Ghaziabad after a reported explosion at Vasundhara Police Outpost! The ATS team reached Indirapuram Police Station to investigate the incident. A delivery worker was injured by shattered glass. #Ghaziabad #Police #up #Wellington https://t.co/b0LQzz1GTN
— Akansha Pathak (@Akanshapathak97) November 7, 2026
धमाका चौकी की छत की तरफ से होने की बात सामने आ रही है, इसलिए शुरुआती जांच में इसे सिर्फ हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तौर पर देखा जा रहा है। घटना के बाद यूपी एटीएस, आईबी, बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। टीमों ने घटनास्थल से सैंपल इकट्ठा किए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया गया है।
सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी का दावा
धमाके के कुछ देर बाद ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गाजी 2 हैंडल से इस घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पोस्ट में कहा गया कि यह हमला तहरीक-उल-मुजाहिदीन नाम के एक खास संगठन की तरफ से किया गया है। दावे में पुलिस को निशाना बनाने और मौजूदा व्यवस्था के खिलाफ लड़ाई जारी रखने जैसी बातें लिखी गईं।
Blast in Vasundhara police post, Ghaziabad #ghaziabad #ghaziabad_blast #tehreekulmujahideen https://t.co/oZM5oO6jVQ
— GHAZI 2 (@cuhmfu40pn60793) November 6, 2026
हालांकि, पुलिस इस दावे को लेकर अभी कोई अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंची है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर किया गया दावा सच है या सिर्फ ध्यान खींचने की कोशिश, इसकी गहराई से जांच की जा रही है। पोस्ट करने वाले हैंडल और उसके पीछे कौन लोग हैं, इसका पता लगाया जा रहा है।
पुलिस का क्या कहना है?
डीसीपी ने बताया कि मौके से अभी तक बारूद, विस्फोटक या किसी तरह की संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है। डॉग स्क्वॉड की जांच में भी विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई है। धमाका किस चीज से हुआ, यह फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने चौकी के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। आसपास के लोगों और दुकानदारों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि धमाके से पहले किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि का पता चल सके।
दिवाली के चलते बाजारों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर पहले से ही सुरक्षा बढ़ाई गई है। इस घटना के बाद गाजियाबाद में पुलिस को और ज्यादा सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।












