नई दिल्ली: राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सोमवार को बीजिंग पहुंचेंगे और सीमा विवाद पर भारत-चीन के विशेष प्रतिनिधियों की बातचीत में हिस्सा लेंगे। वह चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ सीमा मुद्दे पर अहम बैठक करेंगे। सरकारी सूत्रों के अनुसार डोभाल और वांग मंगलवार को विशेष प्रतिनिधि वार्ता के 25वें दौर में शामिल होंगे।
2003 से चल रही है विशेष प्रतिनिधि वार्ता की प्रक्रिया
डोभाल और वांग दोनों ही सीमा वार्ता प्रक्रिया के लिए तय विशेष प्रतिनिधि हैं। यह प्रक्रिया 2003 में 3,488 किलोमीटर लंबी भारत-चीन सीमा के जटिल मुद्दे को पूरी तरह से सुलझाने के लिए शुरू की गई थी।
हालांकि सीमा विवाद को सुलझाने में इसे अभी तक पूरी सफलता नहीं मिली है, लेकिन दोनों तरफ के अधिकारी इस व्यवस्थित प्रक्रिया को अलग-अलग मोर्चों पर दोनों देशों के बीच बार-बार होने वाले तनाव को दूर करने के लिए एक उपयोगी साधन मानते हैं।
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले अहम है यह बातचीत
यह बातचीत इसलिए भी अहम है क्योंकि यह चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की भारत यात्रा से ठीक पहले हो रही है। वह 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने आ रहे हैं।
शी की यात्रा के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन दोनों तरफ के अधिकारी चीनी नेता के शामिल होने को लेकर उम्मीद लगाए हुए हैं। शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ उनकी बैठक भी हो सकती है।
जिसमें द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने की पहलों पर चर्चा हो सकती है। दोनों नेता पिछले साल अगस्त में तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन के दौरान मिले थे।
जयशंकर बोले – सीमा पर शांति जरूरी
बीजिंग में डोभाल-वांग की बातचीत से पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शनिवार को फिर कहा कि चीन के साथ अच्छे संबंधों के लिए सीमावर्ती इलाकों में शांति और स्थिरता जरूरी है। उनकी यह टिप्पणी हाल के हफ्तों में अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी इलाके में चीनी सैनिकों के आक्रामक रवैये की खबरों के बीच आई है।
जयशंकर ने शनिवार को नई दिल्ली में इकोनॉमिक टाइम्स वर्ल्ड लीडर्स फोरम में कहा, मुझे लगता है कि हमने 2020 की गर्मियों और 2024 की शरद ऋतु के बीच एक बहुत मुश्किल दौर देखा और यह मुख्य रूप से सीमावर्ती इलाकों की स्थिति का नतीजा था। आखिरकार सीमावर्ती इलाकों में शांति और स्थिरता अच्छे संबंधों के लिए जरूरी है और सीमा की स्थिति ही काफी हद तक संबंधों की स्थिति तय करेगी।
LAC पर शांति बनाए रखना सबसे जरूरी
अरुणाचल प्रदेश सीमा के पास चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियों की खबरों पर चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने 12 अगस्त को कहा कि चीन-भारत सीमा की स्थिति फिलहाल आम तौर पर स्थिर है।
गुओ ने कहा कि चीन और भारत ने सीमा मामलों पर बातचीत और तालमेल के लिए कार्य प्रणाली की 36वीं बैठक की। उन्होंने कहा दोनों पक्ष कूटनीतिक और सैन्य चैनलों के जरिए बातचीत बनाए रखने और सीमावर्ती इलाकों में शांति एवं स्थिरता बनाए रखने के लिए सहमत हुए।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 11 अगस्त को कहा कि भारत चीन के साथ सीमावर्ती इलाकों से जुड़े मामलों को बहुत गंभीर मानता है। उन्होंने कहा कि वास्तविक नियंत्रण रेखा LAC पर शांति और स्थिरता बनाए रखना सबसे जरूरी है क्योंकि सीमा की स्थिति ही दोनों देशों के रिश्तों की दिशा तय करेगी।












