प्रदूषण का प्रहार, बच्चों की पढ़ाई पर नहीं पड़ेगा असर, कक्षा 1 से 5 तक स्कूलों में हाइब्रिड व्यवस्था लागू

0
6

नोएडा: दिल्ली-एनसीआर में जहरीली होती हवा ने एक बार फिर बच्चों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रदूषण के बढ़ते खतरे और ग्रेप-3 लागू होने के बाद अब गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने नौनिहालों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। ग्रेटर नोएडा समेत पूरे जिले के सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में कक्षा एक से पांच तक की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। यानी अब बच्चों की पढ़ाई पर प्रदूषण का पहरा नहीं बल्कि अभिभावकों के पास ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प होंगे।

अभिभावक तय करेंगे ऑनलाइन या स्कूल में पढ़ाई  

जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। नई व्यवस्था के तहत अभिभावक अपने बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति और आसपास के प्रदूषण को देखते हुए फैसला कर सकेंगे कि उन्हें ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाना है या नियमित रूप से स्कूल भेजना है। इस फैसले से छोटे बच्चों को जहरीली हवा के सीधे संपर्क में आने से बचाने का विकल्प मिलेगा।

आदेश का पालन न करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी  

शिक्षा विभाग ने जिले के सभी संबंधित स्कूलों को जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा है। अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि कोई विद्यालय आदेश की अनदेखी करता है या हाइब्रिड व्यवस्था लागू नहीं करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली में भी कक्षा 1 से 5 तक हाइब्रिड मोड के निर्देश  

वहीं, दिल्ली में भी ग्रेप-3 के तहत कक्षा एक से पांच तक के स्कूलों को हाइब्रिड मोड में संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग ने अभिभावकों को ऑनलाइन अथवा भौतिक कक्षाओं में से विकल्प चुनने की सुविधा देने को कहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here