श्रीकृष्ण जन्मस्थान के हिंदू पक्षकार कौशल किशोर महाराज को बम से उड़ाने की धमकी, एसएसपी से की शिकायत

0
5

मथुरा: श्रीकृष्ण जन्मस्थान, ज्ञानवापी और आगरा की जामा मस्जिद की सीढ़ियों से जुड़े विवाद में हिंदू पक्षकार एवं सनातन धर्म रक्षा पीठ के पीठाधीश्वर कौशल किशोर महाराज को सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई है। इंस्टाग्राम मैसेंजर पर भेजे गए संदेश में उन्हें बम और मिसाइल से उड़ाने की धमकी देने के साथ ही हिंदुओं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। धमकी भरे संदेश मिलने के बाद गुरुवार को कौशल किशोर महाराज ने एसएसपी से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई। एसएसपी ने मामले की जांच साइबर पुलिस को सौंप दी है।

वृंदावन निवासी महाराज धार्मिक-न्यायिक मामलों में सक्रिय  

वृंदावन स्थित मानव सेवा संघ में रहने वाले कौशल किशोर महाराज धार्मिक और न्यायिक मामलों में सक्रिय हैं। वह श्रीकृष्ण जन्मस्थान, वाराणसी के ज्ञानवापी और आगरा जामा मस्जिद की सीढ़ियों से जुड़े विवाद में हिंदू पक्षकार हैं। मुकदमों के सिलसिले में उनका प्रयागराज और दिल्ली आना-जाना रहता है। इसके अलावा वह भागवत कथा वाचक भी हैं। बुधवार देर रात उनके इंस्टाग्राम अकाउंट के मैसेंजर पर एक अज्ञात व्यक्ति की ओर से लगातार धमकी भरे संदेश भेजे गए।

अज्ञात अकाउंट से बम-मिसाइल और अभद्र भाषा वाली धमकियां

संदेश भेजने वाले की प्रोफाइल पर नाम अरबी भाषा में लिखा हुआ है। संबंधित अकाउंट से दो पोस्ट की गई हैं, जबकि उसके 247 फॉलोअर और 704 फॉलोइंग हैं। मैसेज में कौशल किशोर महाराज को निशाना बनाते हुए बम और मिसाइल से उड़ाने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, संदेश भेजने वाले ने अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए हिंदुओं की बहन-बेटियों को लेकर भी आपत्तिजनक बातें लिखीं। धमकी देने वाले ने पुलिस सुरक्षा हटाने की चुनौती देते हुए लिखा कि 15 मिनट के लिए पुलिस हटा लो, फिर आमने-सामने बात कर लेंगे। संदेश में हिंदुस्तान को बांग्लादेश बनाने जैसी धमकी भी दी गई है।

एसएसपी को शिकायत, साइबर पुलिस जांच में जुटी 

कौशल किशोर महाराज ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उन्हें जान से मारने की धमकी देने के साथ हिंदू समाज और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ भी अभद्र टिप्पणियां की गई हैं। उन्होंने पूरे मामले को गंभीर बताते हुए धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। एसएसपी ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए साइबर पुलिस को अकाउंट और धमकी भरे संदेशों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। अब पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी जुटाकर धमकी देने वाले की पहचान करने में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here