लखनऊ: वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज का आश्रम लगातार विवादों में घिरता जा रहा है। कुछ दिन पहले हुई एक शिष्य की संदिग्ध मौत के बाद अब आश्रम से एक 17 साल के किशोर के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोर की पहचान अनुज चौधरी के रूप में हुई है, जिसके परिजन राधा केली कुंज आश्रम के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। परिजनों का आरोप है कि आश्रम के लोग उनकी मदद नहीं कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि प्रेमानंद महाराज के आश्रम में अनुज पिछले कुछ समय से रह रहा था, लेकिन वह अचानक गायब हो गया। वहीं परिवार ने बेटे की सुरक्षित वापसी की मांग की है। बता दें, इस घटना के बाद कई तरह के सवाल उठने लगे हैं।
तेजी से प्रसिद्ध हुए प्रेमानंद महाराज
प्रेमानंद महाराज साल 2023 में तब चर्चा में आए थे, जब क्रिकेटर विराट कोहली और अनुष्का शर्मा अपनी बेटी के साथ उनके आश्रम पहुंचे थे। उससे पहले वृंदावन में भी बहुत कम लोग उन्हें जानते थे। इसके बाद सोशल मीडिया और रात में निकलने वाली उनकी पदयात्रा ने उन्हें रातों-रात प्रसिद्ध कर दिया। बड़ी-बड़ी हस्तियों के आने से उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई, हालांकि पिछले कई महीनों से उनकी पदयात्रा बंद है।
वहीं कुछ दिन पहले आश्रम के पास बने भवन में रहने वाले शिष्य दीपक पटेल उर्फ रसिक दुलारी शरण की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। अस्पताल में जांच के दौरान उसका प्राइवेट पार्ट कटा हुआ मिला, जिससे कई सवाल खड़े हो गए। तब से आश्रम को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
अनुज के अलावा दो और लोग लापता
अनुज के अलावा दो और लोगों के लापता होने की खबर है। नोएडा सेक्टर-56 के रहने वाले उमेश सिन्हा ने बताया कि उनकी 38 साल की बेटी विभा 15 अगस्त को प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेने के लिए वृंदावन आई थी, लेकिन उसके बाद से उसका कोई पता नहीं है। इसकी शिकायत नोएडा पुलिस में दर्ज कराई गई है।
वहीं, आश्रम के बाहर एक ढाबे पर काम करने वाली महिला अनीता ने बताया कि उसका 10 साल का बेटा वंश भी 6 दिन से लापता है। वह ढाबे पर खाना बनाने का काम करती है और बेटे को मालिक के पास छोड़कर गांव गई थी, लौटने पर बेटा नहीं मिला। इधर, लंबे समय से प्रेमानंद महाराज के यूट्यूब चैनल पर नए सत्संग वीडियो भी नहीं आ रहे हैं, जिससे उनके भक्तों में चिंता बढ़ गई है।












