क्वाड से दूरी बना रहे ट्रंप को राजनाथ सिंह का JAI वाला संदेश, बोले- जापान, ऑस्ट्रेलिया, भारत एक साथ

0
5

नई दिल्ली: क्वाड शिखर सम्मेलन से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के किनारा करने की चर्चाओं के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बड़ा सियासी संकेत दिया है। फिलीपींस में 13वीं एशियाई रक्षा मंत्रियों की बैठक में शामिल होने पहुंचे राजनाथ सिंह ने ऑस्ट्रेलिया और जापान के रक्षा मंत्रियों के साथ अलग बैठक की और एक तस्वीर पोस्ट कर नया समीकरण पेश किया।

राजनाथ सिंह ने ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस और जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजूमी के साथ हाथ मिलाते हुए फोटो शेयर की। कैप्शन में उन्होंने लिखा- ‘JAI: जापान, ऑस्ट्रेलिया, इंडिया’। इस एक लाइन ने साफ संदेश दे दिया कि अमेरिका के बिना भी हिंद-प्रशांत के तीन बड़े लोकतंत्र साथ हैं।

फिलीपींस से चीन को सीधा संदेश

राजनाथ ने यह तस्वीर मनीला से पोस्ट की है, जिसका चीन के साथ समुद्री सीमा विवाद चल रहा है। भारत पहले ही फिलीपींस को ब्रह्मोस मिसाइल दे चुका है। जानकारों का कहना है कि चीन की दादागिरी का जवाब देने के लिए भारत अब अमेरिका वाले क्वाड से ज्यादा JAI फॉर्मेट पर फोकस कर रहा है।

जापान और ऑस्ट्रेलिया दोनों प्रशांत क्षेत्र में भारत के भरोसेमंद साझीदार हैं। भारत तीनों देशों के साथ लगातार सैन्य अभ्यास कर रहा है और अब जापानी सेना भारत में अपने हथियारों का परीक्षण भी करने वाली है।

हिंद-प्रशांत को स्वतंत्र और मुक्त रखने पर जोर

जापानी रक्षा मंत्री के साथ बैठक के बाद राजनाथ सिंह ने कहा कि हिंद-प्रशांत को स्वतंत्र, मुक्त और शांतिपूर्ण बनाए रखना हमारी साझा प्रतिबद्धता है। जापानी मंत्री कोइजूमी ने भी भरोसा दिया कि टोक्यो रक्षा समेत हर क्षेत्र में सहयोग मजबूत करेगा।

ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक में राजनाथ ने उन्हें एयरो इंडिया-2027 के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने फिर दोहराया कि हिंद-प्रशांत को सुरक्षित रखना तीनों देशों की प्राथमिकता है। यह बयान चीन के लिए था, जो फिलीपींस, जापान और ऑस्ट्रेलिया के पास युद्धपोत भेजकर दबाव बना रहा है और जापान के द्वीपों पर दावा करता है।

ट्रंप क्यों बना रहे हैं क्वाड से दूरी?

क्वाड शिखर सम्मेलन इस बार भारत में होना है, लेकिन ट्रंप के आने को लेकर संशय है। विश्लेषकों के मुताबिक ट्रंप चीन को साधने के लिए G2 यानी अमेरिका-चीन फॉर्मूले पर जोर दे रहे हैं, इसलिए क्वाड से दूरी बना रहे हैं। ऐसे में भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया ने क्वाड माइनस वन की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है और दुनिया को दिखा दिया है कि अमेरिका के बिना भी JAI मजबूती से आगे बढ़ेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here