श्मशान घाट पर पीएम मोदी की तस्वीर और टोटके का सामान मिलने से हड़कंप, चार संदिग्ध हिरासत में

0
5

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ कथित तौर पर जादू-टोने से जुड़ी सामग्री मिलने के बाद मामला गरमा गया है। श्मशान घाट के पास रखी तस्वीर की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। शनिवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया और चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश जारी है।

यह मामला दोहरीघाट थाना क्षेत्र के दोहरीघाट कस्बे में स्थित मुक्तिधाम का बताया जा रहा है। शुक्रवार को शवदाह स्थल के पास प्रधानमंत्री की तस्वीर के साथ कुछ सामग्री रखे होने की तस्वीरें सामने आई थीं। इसके बाद स्थानीय स्तर पर चर्चाएं शुरू हो गईं और पुलिस प्रशासन ने जांच तेज कर दी।

तस्वीर के साथ नींबू, नारियल और सिंदूर मिलने का दावा

सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के आसपास नींबू, नारियल, धागे और सिंदूर जैसी चीजें दिखाई दे रही हैं। तस्वीर पर सुई से छिदे नींबू रखे होने और चारों कोनों पर कलावा बंधे नारियल होने का भी दावा किया गया है। किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। हालांकि, वायरल फोटो और वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस और साइबर सेल कर रही जांच

दोहरीघाट के थानाध्यक्ष रामायण सिंह के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस और साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।

घोसी के क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही, वीडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तस्वीर वहां किसने रखी और घटना के पीछे किसका हाथ है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने जताई नाराजगी

इस घटना को लेकर भाजपा ने भी आपत्ति दर्ज कराई है। पार्टी के जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने जिला प्रशासन से मामले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। मामला प्रधानमंत्री की तस्वीर से जुड़ा होने के कारण पुलिस प्रशासन इसे गंभीरता से ले रहा है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के जरिए घटना की पूरी कड़ी जोड़ने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने और जिम्मेदार लोगों की पहचान करने का भरोसा जताया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here